जब कांग्रेस सत्ता में आ ही चुकी है तो यहां बड़े कांग्रेसी नेताओं के साथ प्रीति चावला का नाम लेना जरूरी हो गया है। यह प्रीति की ही ‘जय हो..’ थीम थी जिसने कांग्रेस के प्रचार अभियान को गति दी।
- शख्सियत
कांग्रेस के लिए हालिया लोकसभा चुनाव प्रचार की थीम तैयार करने वाली प्रीति चावला को इन दिनों खूब शाबाशियां मिल रही हैं। यह जिम्मेदारी जब प्रीति को दी गई तो उनके जहन में सबसे पहले पूरे देश में चल रही ‘स्लमडॉग मिलियनेअर’ की थीम ‘जय हो..’ ही आई।
वह बताती हैं, ‘सोनिया गांधी ने पहली बार में ही यह थीम पास कर दी। हमने टी-सीरीज से ‘जय हो..’ के राइट्स खरीदे और सुखविंदर से इसे दोबारा गाने को कहा।’ इस काम के लिए दस लोगों की टीम बनाई गई थी, लेकिन सुखविंदर ने दोबारा गाने के लिए खुद ही इसे दोबारा लिखा। हालांकि प्रीति की टीम को विजुअल बनाने में तब मुश्किल आई जब राहुल गांधी ने पार्टी का यूथ आयकॉन होने के बावजूद कैमरे के सामने आने से इंकार कर दिया।
प्रीति बताती हैं दो हफ्ते के कम समय में हमें चार एड-कैंपेन तैयार करने थे, लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी यह था कि मूल एड में कुछ भी कम करने और बढ़ाने के बाद पार्टी के चुनिंदा लोगों की मंजूरी लेना। मजेदार बात यह है कि ई-मेल के जरिए देखने दिखाने के काम में शुरुआत और अंत भी ‘जय हो..’ से ही होता था।
इससे पूरी टीम के बीच ‘जय हो..’ संवाद एक लहर की तरह आगे बढ़ा। अब चुनाव परिणाम देखकर तो यही लगता है कि सकारात्मक लहर का असर अच्छा रहा। खबर है कि एआर रहमान के गाने के राइट्स खरीदने के लिए कांग्रेस ने टी-सीरीज को डेढ़ करोड़ रुपए दिए हैं।