News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. नौतपा की शुरुआत 25 मई से होने जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 घंटे तक गर्मी बढ़ेगी और तापमापी का ग्राफ ऊपर की ओर जाएगा। हालांकि रविवार को मौसम पिछले दिनों की अपेक्षा राहतभरा रहा और तापमान में भी गिरावट आई।
तीन-चार साल से नौतपा के पहले तो धरती खूब तपी लेकिन नौतपा के दौरान आंधी व पानी ने इसके असर को कम कर दिया। इस साल भी तापमान 45 के ऊपर पहले ही जा चुका है लेकिन यहां की गर्मी के रिकार्ड को देखते हुए इस बार नौतपा में धरती तपने की संभावना है।
वर्ष 2008 में नौतपा के दिनों में गर्मी का असर ज्यादा नहीं रहा। कभी आंधी तो कभी पानी ने नौतपा को कमजोर कर दिया। नौतपा के कुछ दिनों में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक बना रहा, जिससे उमस वाली गर्मी रही।
मौसम विज्ञान केन्द्र के प्रभारी उमाशंकर चौकसे कहते हैं कि शहर का तापमान पहले से ही 45 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है, इसलिए गत दिवस मौसम बदला और पानी गिरा। अगले दो दिन तक गर्मी बढ़ने के आसार हैं, यदि नौतपा के शुरुआती दिनों में तापमान बढ़ता है तो बीच के दिनों में भी वर्षा हो सकती है।
गर्म हवा न चलने से मिली राहत
गत दिवस शहर में 1.5 मिलीमीटर वर्षा होने के बाद रविवार की सुबह सुहावनी रही। सुबह दस बजे तक बादल छाए रहे। शहरवासियों ने बदले मौसम का आनंद उठाया। सुबह 11 बजे के बाद बादल छंटते ही सूरज की तपिश शुरू हो गई, हालांकि पूरे दिन गर्म हवा नहीं चली। शाम को भी मौसम खुशगवार बना रहा।
मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.0 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह बादल छाए रहने से आद्र्रता 61 प्रतिशत रही जो शाम तक कम होकर 25 प्रतिशत तक आ गई।