News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. भारतीय जनशक्ति पार्टी की अध्यक्ष उमा भारती ने रविवार को जयारोग्य अस्पताल समूह के न्यूरोलॉजी में टीकमगढ़ से आए घायलों से मुलाकात की। लाइट न होने के कारण गर्मी से बेहाल मरीजों को देखकर सुश्री भारती ने खासी नाराजगी जाहिर की।
पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री भारती ने अस्पताल अधीक्षक डा. पीसी महाजन से जनरेटर के बारे में जानकारी ली। इस पर डा. महाजन का कहना था कि जनरेटर की व्यवस्था केवल ऑपरेशन थियेटर के लिए ही है। इस पर सुश्री भारती ने उनसे जनरेटर का प्रस्ताव बनाने को कहा।
सुश्री भारती का कहना था कि पहले तो वे गंभीर मरीजों को जनरेटर की सुविधा प्रदान करने के बारे में प्रदेश शासन से बात करेंगी और यदि शासन इसमें कोई मजबूरी बताता है तो भाजशपा कार्यकर्ता जनरेटर के लिए शहर के लोगों से भीख मांगेंगे।
मरीजों के लिए जनरेटर की व्यवस्था करने के संबंध में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष गंगाराम बघेल के नेतृत्व में सोमवार को संभागायुक्त डा. कोमल सिंह को एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। सुश्री भारती ने घायलों से मुलाकात कर उनके हालचाल जाने और चिकित्सकों से उनकी समुचित देखरेख का आग्रह किया।
याद रहे एक कन्या भोज के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से उसमें सवार लगभग एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल होकर ग्वालियर आए हैं। अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद भाजशपा नेता ग्राम मऊ पहुंची जहां उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान मारे गए युवक के परिजनों से मुलाकात की। उसके बाद सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गई।