इंदौर. पलासिया स्थित ग्रेटर कैलाश अस्पताल में डेंगू के दो मरीज मिले हैं। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना सीएमएचओ कार्यालय को भिजवा दी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद पंडित ने बताया कि दोनों मरीजों की जांच एमजीएम मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब में करवाई जाएगी। तिलक नगर के नीतेश डाका को तेज बुखार आने व शरीर में दर्द होने पर शुक्रवार को अस्पताल लाया गया और उसे आईसीयू में रखा गया है। उसका रेपीड टेस्ट कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई।
इसी प्रकार रतलाम कोठी निवासी लक्ष्मीचंद मांडलिक को भी शुक्रवार को बुखार आने पर अस्पताल लाया गया। इनकी जांच रिपोर्ट में भी डेंगू की पुष्टि हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इस रिपोर्ट को अधिकारिक नहीं मान रहा है। मेडिकल कॉलेज की लैब में दोनों की जांच करवाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि श्री मांडलिक रतलाम से आए हैं, तो यह भी पता लगाना होगा कि कहीं वहीं से तो डेंगू नहीं हो गया। सीएमएचओ डॉ. पंडित ने बताया हमने स्वास्थ्य विभाग की टीम को एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्र का मुआयना करने एवं दवाईयां छिड़काने का निर्देश दे दिए है। मेडिकल कॉलेज में रेपीड टेस्ट में जांच करवाई जाने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इसके पहले भी पुष्टि नहीं हो सकी इसके पहले भी कई बार प्रायवेट अस्पताल डेंगू होने की पुष्टि कर चुके हैं लेकिन माइक्रोबायोलॉजी लैब ने इसकी पुष्टि नहीं की है।