News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. आजाद चौक पर 54 साल से ज्यादा पहले स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा ट्रैफिक के लिहाज से आजाद चौक के पास स्थित उद्यान में शिफ्ट कर दी गई। आज सुबह से जोन सात का अमला जेसीबी की मदद से मूर्ति को शिफ्ट करने में लगा था।
मूर्ति चौक के किनारे बनाए गए स्थान पर पूरे सम्मान के साथ रखी गई। इस काम में करीब 3 घंटे लगे। बापू की प्रतिमा के जिस चौराहे पर लगी थी उसे तीन दिन पहले तोड़ना शुरू किया गया था। तोड़फोड़ पूरी होने के बाद रविवार सुबह 10 बजे से प्रतिमा शिफ्ट करने का काम शुरू हुआ।
प्रतिमा का स्थानांतरण देखने लोगों की खासी भीड़ चौक पर इकट्ठी थी। प्रतिमा की स्थापना दिवंगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कमलनारायण शर्मा ने अपने सहयोगियों के मदद से 54 साल पहले की थी। लोगों का कहना है कि मूर्ती का अनावरण देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू करने वाले थे।
शहर के दौरे में पं. नेहरू समय की कमी के कारण जब यहां नहीं रुक पाए तो श्री शर्मा ने वहीं की एक बालिका के हाथों इसका अनावरण करवाया था। शहर के ट्रैफिक विशेषज्ञों ने यहां के सभी चौक चौराहों पर मौजूद आईलैंड या मूर्तियां हटाने की सिफारिश की थी।
इसके अंतर्गत शहर के 25 चौराहों को सुधारने का काम हाथ में लिया गया था। सबसे पहले फाफाडीह चौक स्थित रोटेटरी तोड़कर उसे गंजथाने के सामने शिफ्ट किया गया। अब तक दर्जन भर चौक-चौराहों को सुधारा जा चुका है।