News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. हरियाणा पुलिस ने जिन मोस्ट वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार किया था उनसे हत्या व लूटपाट की कई घटनाओं से पर्दा हटाने का दावा किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में हंसराज व सुनील शामिल हैं। इन दोनों को गुड़गांव में पकड़ा गया है। हंसराज के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है। पुलिस की क्राइम ब्रांच को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गैरतपुर गांव के पास नाका लगाया था। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर इन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो लोग पकड़ लिए गए, जबकि राजे व टिंकू गाड़ी छोड़ कर फरार हो गए।
पूछताछ के दौरान हंसराज व सुनील ने हत्या व लूटपाट की कई वारदात कबूल की हैं। पुलिस ने उन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है, जो संबंधित थानों में अपने किराएदारों की सूचना नहीं देते। पकड़े गए यह लोग गुड़गांव में किराए के मकान में रहते थे। हरियाणा में पिछले साल की तुलना में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक हत्या, जानलेवा हमले और बलात्कार की घटनाओं में करीब 15 फीसदी और अपहरण के मामलों में 25 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।