News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रेलवे की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों की भीड़ ने रविवार दोपहर 2.30 बजे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर तीन से छूट रही ज्ञानेश्वरी सुपरडिलक्स की चेनपुलिंग कर दी। ट्रेन खड़ी हो गई। फिर वे स्लीपर से लेकर एसी क्लास की बोगियों में घुस गए।
रिजर्वेशन वाले यात्रियों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पौन घंटे बाद जब भीड़ को खदेड़ा गया, तो ट्रेन रवाना हुई। परीक्षार्थियों के हंगामे के कारण स्टेशन में ट्रेनों की आवाजाही का सारा शेडच्यूल गड़बड़ा गया। इस वजह से आजाद हिंद सुपरफास्ट समेत कई ट्रेनें लेटलतीफी का शिकार हुईं।
स्टेशन सूत्रों के मुताबिक सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में खड़े थे। कुर्ला-हावड़ा ज्ञानेश्वरी जैसे पहुंची,भीड़ बोगियों की ओर पिल पड़ी। रायपुर में उतरने वाले मुसाफिरों को भी उतरने नहीं दिया। जनरल बोगियां पैक देखकर परीक्षार्थी परीक्षार्थी स्लीपर और एसी क्लास में घुसने लगे।
हर दरवाजे में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। महिलाओं से बदसलूकी भी हुई, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। परीक्षार्थियों को नियंत्रित करने के लिए वहां जीआरपी-आरपीएफ का एक भी जवान नहीं था। काफी देर बाद जब एसी के यात्रियों को गुस्सा आया, तो उन्होंने विरोध किया।
ट्रेन चलने लगी, तो युवकों ने चेन पुलिंग कर दी। हंगामा बढ़ गया और परीक्षार्थी व यात्रियों की भीड़ आपस में उलझ गए। यात्री और उनके परिजन पुलिस को बुलाने पर अड़ गए। हंगामे के बीच ट्रेन को आठ बार रोका गया। स्टेशन के आपरेटिंग विभाग ने आरपीएफ को इसकी सूचना दी।
आधे घंटे बाद घूमते-फिरते आरपीएफ-जीआरपी के जवान पहुंचे, तो उन्होंने एसी बोगियों से परीक्षार्थियों को खदेड़ा। उन्होंने स्लीपर क्लास की बोगियों में भी कब्जा कर रखा था। एसी क्लास खाली हुआ और फिर पौन घंटे बाद ट्रेन रवाना हुई। इस वजह से स्टेशन आने वाली कई अन्य ट्रेनें भी लेटलतीफी का शिकार हुई।