अजमेर. हल्की बरसात से ही कई दिनों से झुलसाने वाली गर्मी से रविवार को राहत मिली। दिन भर छितराए बादलों के बाद शाम को कहीं तेज और कहीं हल्की बरसात हुई। शहर में जहां छितराई बारिश हुई वहीं परबतपुरा बाईपास पर छोटे ओले गिरे। पुष्कर में आधा घंटा तेज बौछारें पड़ीं। नसीराबाद और किशनगढ़ में भी बूंदाबांदी हुई। शनिवार को छितराई बारिश का असर आज सुबह से ही नजर आ रहा था।
छितराए बादलों के कारण सूरज की तपिश नहीं थी। दोपहर में भी बादलों की ओट में सूरज छिपा रहा। अपराह्न् चार बजे के आसपास अचानक धूल भरी हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। परबतपुरा बाईपास पर करीब साढ़े चार बजे तेज बारिश के साथ छोटे ओले गिरे। आदर्श नगर, रेलवे स्टेशन, दरगाह बाजार, गंज, फव्वारा सर्किल, सुभाष उद्यान, कचहरी रोड आदि क्षेत्रों में अच्छी बौछारें पड़ीं।
इधर वैशालीनगर और आस-पास के क्षेत्र में बारिश का जोर कम रहा। यहां केवल मामूली बूंदाबांदी होकर रह गई। तीखी गर्मी के बीच हुई बारिश का बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। पारा गिरा : मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 43.2 से घट कर 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 29.3 से कम होकर 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। सुबह वातावरण में 44 प्रतिशत आद्र्रता रिकॉर्ड की गई।
4.3 एमएम बरसात शनिवार रात से रविवार सुबह आठ बजे तक 4.3 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।