जोधपुर. संभाग में जारी भीषण गर्मी के बीच जोधपुर जिले में कई जगह शाम को बूंदाबांदी व बारिश की फुहारों ने लोगों को राहत दिलाई। जोधपुर में शाम को कुछ देर के लिए आंधी चली और बूंदाबांदी हुई। इसके बाद मौसम ठंडा हो गया। ओसियां व बिलाड़ा में भी शाम को रिमझिम बारिश से सड़कें गीली हो र्गई। पाली, बिलाड़ा व भोपालगढ़ में आंधी चली।
संभाग में रविवार को फलौदी में तापमान सर्वाधिक 46.5 डिग्री दर्ज किया गया। बाड़मेर व जैसलमेर में गर्मी के साथ लू का असर रहा। सूर्यनगरी में सुबह उमस थी। दोपहर में गर्मी तेज होने से सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। शाम पांच बजे के करीब पूरब और उत्तर में घने बादल छाने लगे। शाम करीब 6 .30 पाली शहर में करीब आधे घंटे जबर्दस्त आंधी चली। इससे पूरा शहर अस्त-व्यस्त हो गया।
कई मकानों के छप्पर उड़ गए। पाली की नई सब्जी मंडी में आग लगने से भी खासा नुकसान पहुंचा। उधर, जिले के खिंवाड़ा, देवली, जोजावर, मारवाड़ जंक्शन में बारिश से मौसम सुहाना हो गया। दिन में तीखी धूप से लोग बेहाल रहे। तापमान: जोधपुर में अधिकतम 43 व न्यूनतम 31.5, बाड़मेर में 44.1 व 28.7, जैसलमेर में 45.3 व 28.8, फलौदी में 46.5 व 30.5, ओसियां में 43 व 29.5 व बिलाड़ा में 44.3 व 26 डिसे रहा।