News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. नौतपा के पहले ही शहर खूब तपा, लेकिन शाम को फिर से चली तेज हवाओं ने मौसम का रुख बदल दिया। संभाग में कोरबा सहित कुछ स्थानों पर बारिश हुई। बिलासपुर इससे अछूता रहा, यही वजह है कि यहां प्रदेश में सर्वाधिक 42 डिग्री तापमान रहा। 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है। संभावना है कि इस दौरान बारिश होगी।
चक्रवात बंगलादेश की ओर जा रहा है। इसका ज्यादा समय तक असर नहीं रहेगा। एक दिन बाद आसमान खुलने के बाद फिर तापमान बढ़ेगा। संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। शेष संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। आज सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों फैलने लगी थीं।
दोपहर 12 बजे के बाद घर के बाहर खड़े होना मुश्किल होने लगा था। दोपहर आते-आते हवा लू में बदल गई। सड़कों पर निकलने वालों ने तौलिए से सिर ढांक रखा था। तेज गर्मी की वजह से कई बार पानी पीने के बाद भी प्यास नहीं बुझ रही थी।
पिछले कुछ दिनों की तरह आज फिर शाम को मौसम ने करवट ली और तेज हवाएं चलने लगी। अंधड़ के बाद लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के केंद्र निदेशक एमएल साहू ने बताया कि अगले 48 घंटों में भी मौसम इसी तरह बना रहेगा।
बिलासपुर सबसे गर्म
प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकार्ड किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।
माना का अधिकतम तापमान 38.9, राजनांदगांव का 41.2, पेंड्रा रोड का 36.6, चांपा का 39.4, अंबिकापुर का 37.9 और जगदलपुर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया।
बारिश के योग
जलाराम मंदिर के पुजारी पं. ब्रह्मदत्त मिश्र ने बताया कि वर्षा के स्वामी सूर्य का सोमवार को सुबह 7 बजे रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश होगा। इसके साथ ही नौतपा प्रारंभ हो जाएगा। इस वर्ष का राजा शुक्र है और मेघेश सूर्य विरोधी ग्रह है।
इस लिहाज से अनेक क्षेत्रों में सूखा और कई प्रांतों में भारी बारिश के योग बन रहे हैं। 14 मई से वृषभ संक्रांति में सूर्य प्रवेश महेंद्र मंडल में होने के कारण मानसूनी वर्षा भी जल्द होने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ में फसल की दृष्टि से उत्तम वर्षा होगी।