अमृतसर. वियाना शहर में हुई घटना के बाद जहां पंजाब के कई शहरों में तनाव पैदा हो गया, वहीं अमृतसर में भी रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया। देर रात पुलिस पार्टियां अपने-अपने इलाके में पैट्रोलिंग करती रहीं। एसएसपी कुंवर विजय प्रताप सिंह खुद देर रात तक सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेते रहे।
शहर में स्थिति नियंत्रण में रही। संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस फोर्स रात को ही तैनात कर दी गई। शहर के मुख्य हिस्सों हाल गेट, भंडारी पुल, लारेंस रोड, पुतलीघर, रामबाग, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए शहर के बाहरी हिस्सों में ही नाकाबंदी की गई। हाईवे पैट्रोलिंग को भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वर्ण शताब्दी में यात्री फंसे
पूर्व विधायक राजकुमार वेरका, डीएवी इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल अंजना सेठ समेत शताब्दी से आ रहे अमृतसर के कई यात्री जालंधर रेलवे स्टेशन फंसे रहे। ट्रेन में सफर कर रहे संवाददाता मलकीयत वेरका ने फोन पर बताया कि रात 12 बजे के करीब हुई बातचीत में ड्राइवर नरिंदर और गार्ड कुलदीप कुमार ट्रेन को इससे आगे ले जाने में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे थे।
रात 9.30 बजे जालंधर पहुंची ट्रेन के खबर लिखे जाने तक आगे जाने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। लोगों ने जालंधर स्टेशन पर ही खाने-पीने की चीजें इकट्ठा करनी शुरू कर दी हैं। वहीं जालंधर-होशियारपुर डीएमयू पर भी लोगों ने पथराव किया।
जयनगर-अमृतसर फ्लाइंल मेल के एसी कोचों को भी भड़के लोगों ने नुकसान पहुंचाया। पहले जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन में तोड़फोड़ की और प्लेटफार्म पर खड़ी फ्लाइंग मेल और डीएमयू में तोड़फोड़ की।