क्या है डेरा सच खंड : डेरा सच खंड पंजाब में दलितों और पिछड़ी जाति के लोगों के सबसे बड़े डेरे के तौर पर माना जाता है। हालांकि इस डेरे के अनुयायी हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बनारस में भी हैं। पंजाब में दोआबा के क्षेत्र में इस डेरे का ख़ासा प्रभाव है।
संत रविदास के अनुयायियों का यह सबसे बड़ा डेरा माना जाता है और आदधर्मी वर्ग के लोग इस डेरे के मुख्य रूप से अनुयायी हैं। डेरे का पूरा नाम संत सरवणदास डेरा सच खंड- रायपुर बल्लां है और इसके प्रमुख संत निरंजनदास जी हैं। विएना में जिस संत की हत्या हुई है उनका नाम रामानंद जी है और वे इस डेरे के सहायक संत हैं।
सच खंड के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक संत रामानंद विएना में धर्म प्रचार के लिए गए हुए थे और गुरुद्वारे में इकट्ठा हुए लोगों को संबोधित कर रहे थे जिस वक़्त उनपर कुछ हथियार बंद लोगों ने हमला किया।
क्या हुआ था विएना में : ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना के एक गुरुद्वारे में रविवार को अचानक कुछ बंदूकधारी घुस आए और उन्होंने वहीं मौजूद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में करीब 30 लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक रविवार दोपहर को यहां के एक प्रसिद्ध गुरुद्वारे में पांच बंदूकधारियों ने अचानक हमला कर दिया। ये सब गुरुद्वारे के अंदर घुस आए और वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर गोलियां बरसाने लगे। चार एंबुलेंस और मेडिकल हेलिकॉप्टर की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के मुताबिक मामला आपसी गुटबाजी का है। सिख समुदाय के ही दो गुटों के विवाद की वजह से यह गोलीबारी हुई बताई जा रही है। पांचो हमलावर गिरफ्तार कर लिए गए हैं।