इस्माइलाबाद। डेरा प्रेमियों की गाड़ी को टक्कर मारने वाले कार चालक को पुलिस ने काबू कर लिया है। इसके बाद डेराप्रेमियों और गांव के लोगों के बीच चले बातचीत के दौर के बाद कार चालक को माफी देकर छोड़ दिया गया। इसके साथ ही इस मामले का पटाक्षेप हो गया है।
ज्ञातव्य है कि शनिवार की शाम डेरा प्रेमियों की गाड़ी को बार-बार टक्कर और साइड मारने से गुस्साए डेरा प्रेमियों ने हाइवे पर जाम लगा दिया था।
जाम के दौरान हजारों की संख्या में एकत्रित डेरा प्रेमी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़ गए थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर डेरा प्रेमियों को समझाबुझा कर जाम खुलवा दिया था। बाद में इस मामले में पुलिस ने कार चालक हरिपुर बढ़ाम वासी करनैल सिंह और उसके साथी सुखविंद्र सिंह को पकड़ लिया। शनिवार देर शाम डीएसपी पिहोवा के समक्ष कारचालक व डेराप्रमियों के बीच बातचीत का दौर चला।
इस बातचीत में कई लोगों ने भी शिरकत की। बातचीत में कारचालक ने बताया कि उसकी मंशा किसी को नुकसान पहुंचाने की नहीं थी।
डेरा प्रेमियों के इस आश्वासन के बाद पुलिस ने दोनो पक्षों में सुलहनामा लिखवा राहत की सांस ली। डेराप्रेमियों के मुताबिक, वे अपनी टैवेरा गाड़ी में अम्बाला से डेरामुखी की पेशी के बाद पिहोवा की ओर जा रहे थे।
पीछे से आ रही एक काले रंग की ऑल्टो गाड़ी नम्बर पीबी 65 एच 6922 ने उनका गांव जनसूई से पीछा किया और कार चालक ने कस्बे के निकट उनकी गाड़ी को टक्कर व साइड मारकर अभद्र व्यवहार किया।
बाद में कार चालक ने कस्बे की अनाजमंडी के सामने उनकी गाड़ी के आगे लगाकर अपनी कार लगाकर उन्हें रोक दिया तथा एक दुकान में घुसकर लोहे की राड निकाल ली।
इतने में पीछे आ रहे डेरा प्रेमी पहुंच गए। कार सवार मामले को बिगड़ता देख वहां से फरार हो गए। डेरा प्रेमियों ने कार सवारों के संदिग्ध व्यक्ति होने की आशंका जताई थी।
लेकिन वे संदिग्ध नहीं निकले और कार चालक के माफी मांगने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।