करनाल। पार्षद उषा तुली को जान से मारने की धमकी को लाइनपार के लोगों ने गंभीरता से लिया है। भले ही पुलिस ने धमकी देने के आरोपी कारा व अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन रामनगर के बाशिंदे अभी चैन में नहीं है। रविवार को दर्जनों मौजिज लोग रामनगर में शांति स्थापित करने की मांग को लेकर एसपी निवास पर पहुंचे।
नगर सुधार मंडल के अध्यक्ष राकेश नागपाल, पार्षद ऊषा तुली, वरिष्ठ पार्षद भगवान दास अग्घी, एमसी सुभाष छाबड़ा, बनारसी दास तुली, दर्शनसिंह सहगल, सतेंद्र गांधी, दलपत सिंह कादियान, धर्म्ेद्र चावला, प्रेम प्रकाश मुंजाल, राधेश्याम सलूजा, रमेश छाबड़ा, सांझाराम, रामस्वरूप, लेखराज छाबड़ा, रमेश मुंजाल, जगदीश सभ्रवाल, हरीश चंद नंदा ने आरोप लगाया कि गांधी नगर के कारा व उसके 10-15 साथियों ने आंतक मचा रखा है।
शहर में सरेआम गुंडागर्दी पर उतर आते हैं। इज्जतदार आदमी का शांति से जीना हराम हो रखा है। उक्त शरारती तत्व अवैध हथियार रखते हैं और इन हथियारों के जोर पर मारने-पीटने की धमकी देते हैं।
उन्होंने एसपी से मांग की कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुंडागर्दी को खत्म किया जाए। कोई भी व्यक्ति जो कानून व्यवस्था को भंग करता है, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी आम जनता के हित में है।
एसएसपी ने लोगों को आश्वासन दिया कि ऐसा कोई भी व्यक्ति जो शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है उसे पुलिस कतई नहीं बख्शेगी। रामनगर के लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।