भिवानी । जिला जेल के स्नानघर में रविवार को एक विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही न्यायिक दंडाधिकारी डीपी यादव जेल पहुंचे और मौके का मुआयना किया। शव पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गांव गैंडावास निवासी होशियार सिंह (55) पर दहेज हत्या का आरोप था। सिवानी पुलिस ने उसे लगभग ढाई माह पूर्व गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया था, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया था।
रविवार सुबह अन्य कैदियों ने उसे स्नानघर में चौखट के सहारे लटका देखा। उसके गले में साफे का फंदा लगा था। कैदियों ने तुरंत इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी।