सांपला । चुलियाणा गांव के जलघर पर तैनात एक कर्मचारी की अज्ञात लोगों ने शनिवार रात को हत्या कर दी और शव को पंप वाले कुंए में डाल दिया। पुलिस ने मृतक के पिता करतार सिंह के बयान परहत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हत्या किसी नुकीले हथियार से की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया।
नौनंद निवासी मनोज पुत्र करतार सिंह बेलदार की पोस्ट पर काम कर रहा था। तीन साल पहले ही वह अनुबंध आधार पर लगा था। पिछले कई दिनों से रात की डयूटी पर रहता था, ताकि रात को बिजली आने पर ट्यूबवेल चला कर पानी का स्टाक हो सके।
रविवार की सुबह नौ बजे तक मनोज घर नहीं पहुंचा। छोटा भाई प्रदीप सिंह व उसका साथी जलघर पर पहुंचे तो एक कमरे में मनोज की पेंट- शर्ट मिली। आसपास पता लगाया तो कहीं पता नहीं चल सका।
उसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। देखा तो पंप हाऊस के साथ वाले कुएं में मृत पड़ा था। पुलिस का मानना है कि मनोज पर सोने के बाद हमला किया गया। दम तोड़ने के बाद उसके शव को छुपाने के लिए कुएं में डाला गया।
हत्यारों ने शव छुपाने के अलावा बिस्तरों को भी छुपाने की कोशिश की। बिस्तर साथ लगते तालाब के कीचड़ में दबा मिला है। पुलिस ने बिस्तर खोल कर देखा तो चदर पर खून के निशान मिले। इसी बात से अनुमान लगाया जा रहा है कि मनोज की हत्या सोते वक्त की गई।
मृतक का सारा सामान वहीं मिल गया। कपड़ों में रखा मोबाइल, पैसे व मोटर साइकिल भी वहीं खड़ी मिली है। पुलिस का कहना है कि ये हत्या किसी लूट की बजाय पुरानी रंजिश का कारण भी हो सकती है।
रोहतक के डीएसपी सुरेंद्र मलिक के अनुसार पुलिस घटना की गहराई से जांच कर रही है। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले। जल्द ही हत्यारों को काबू कर मामला सुलझा लिया जाएगा।
मुआयना किया- हत्यारों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्कवाड ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। डाग जलघर के अलग-अलग कोने के अलावा गांव में मेन अड्डे की तरफ दौड़ा और बीस कदम से वापस लौट आया।