सिरसा । कृषि विभाग प्रदेश के किसानों को अपनी फसलों पर विभिन्न कीटनाशकों का छिड़काव करने के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी पर 24 हजार मैनुअल स्प्रे पंप उपलब्ध कराएगा। सब्सिडी की अधिकतम राशि प्रति पंप 400 रुपए होगी।
विभाग इन पंपों पर कुल 96 लाख रुपए सब्सिडी देगा। इसके तहत विभाग प्रदेश में जिला हिसार के किसानों को सबसे अधिक 6 हजार स्प्रे पंप उपलब्ध कराएगा जिस पर सब्सिडी के तौर पर 24 लाख रुपए विभाग जिला हिसार के लिए वहन करेगा। सबसे कम पंप जिला झज्जर, नारनौल व रेवाड़ी के लिए मंजूर किए गए हैं जिन पर विभाग सब्सिडी के तौर दो-दो लाख रुपए के हिसाब से कुल छह लाख रुपए वहन करेगा।
इस प्रकार प्रदेश भर के किसानों को दिए जाने वाले 24,000 हजार पंपों पर विभाग कुल 96 लाख रुपए की राशि वहन करेगा। जिला वाइज मैनुअल स्प्रे पंपों की संख्या व सब्सिडी की राशि तालिका में दर्शायी जा रही है। तालिका में दर्शायी गई सब्सिडी की राशि लाखों में है।
इस सब्सिडी के तहत यदि कोई किसान यह स्प्रे पंप खरीदना चाहता है तो उसे पंप खरीदने से पूर्व एक आवेदन पत्र कृषि विभाग में जमा कराना होगा। आवेदन पत्र भरकर जमा कराने के बाद किसान को बाजार से स्प्रे पंप खरीदना होगा और पंप खरीदने की रसीद कृषि विभाग में जमा करानी होगी।
रसीद जमा कराने के बाद विभाग उसे सब्सिडी के हिसाब से उपलब्ध कराएगा। यदि किसान इससे अधिक कीमत का पंप खरीदता है तो सब्सिडी के बाद बाकी राशि किसान को वहन करनी होगी।
कृषि विभाग के एसडीएओ सुखदेव सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर स्प्रे पंप उपलब्ध कराने का पत्र आया हुआ है।