सागवाड़ा । ठाकरड़ा गांव में सोमवार से 30 मई तक आयोजित होने वाले भगवान दिगंबर जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शोभायात्रा के साथ सोमवार को आगाज होगा। वहीं आयोजन स्थल पर विशाल अयोध्या नगरी का आकर्षक पंडाल बनाया गया है।
आचार्य सुकुमानंदी महाराज, मुनि धर्यसागर महाराज, मुनि आज्ञासागर महाराज व आर्यिका मुक्तिश्री माताजी के सानिध्य में व प्रतिष्ठाचार्य पंडित विनोद पगारिया के निर्देशन में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम के पहले दिन सुबह 6.15 पर गुरु आज्ञा, प्रतिष्ठाचार्य निमंत्रण, रथयात्रा, घटयात्रा, शोभायात्रा के साथ पंडाल मंे प्रवेश होगा।
इसके बाद मंच उद्घाटन, मंडप वेदी शुद्धि, भगवान मंडप में विराजमान, दीप प्रज्वलन होगा। 9.35 से आचार्य आशीर्वचन, ध्वजारोहण विधि प्रारंभ होगी, दोहपर 2 बजे से सकलीकरण, इन्द्र प्रतिष्ठा, मंडप प्रतिष्ठा, देवागम विधि, नान्दी कलश, मंगल कलश स्थापना, अखंड दीप प्रज्वलन, जाप्यानुष्ठान एवं यागमंडल विधान पूजन व आचार्य संघ का प्रवचन होंगे।
शाम 7 बजे से आरती, गुरुभक्ति, शास्त्र प्रवचन, सौधर्म इन्द्र की सभा, तत्वचर्चा, सौधर्म का आसन कम्पायमान होना, कुबेर का आगमन, कुबेर द्वारा अयोध्या नगरी की रचना, रत्न वृष्टि, अष्ट कुमारीकाओं का आगमन, माता की गोद भराई, माता मरूदेवी की सेवा एवं गर्भकल्याणक पूर्व क्रियाएं होगी।
आयोजन को लेकर अयोध्या नगरी में 90 बाय 150 का पंडाल, 60 बाय 90 का स्टेज व आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 40 कमरे, चिकित्सा व्यवस्था, संपर्क कार्यालय, पुलिस कार्यालय की व्यवस्था की गई है। वहीं गर्मी को देखते हुए जगह-जगह पेयजल व्यवस्था भी होगी। आयोजन को लेकर समूचे ठाकरड़ा गांव को रंगीन फर्रियों व लाइट से सजावट की गई है। कई स्वागत द्वार भी लगाए गए हैं।