बीकानेर/नापासर। शादरूलगंज क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात चोर एक बंद मकान से फ्रीज सहित बिजली के कई उपकरण ले उड़े। इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
मकान मालिक हाकिमअली निर्बाण ने बताया कि वह यहां प्रोपर्टी डिलिंग का ऑफिस चलाता है। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वह घर चला गया। शनिवार सुबह उसका नौकर ऑफिस आया तो उसे मकान के आंगन वाला गेट खुला मिला।
नौकर की सूचना परवह मौके पर पहुंचा तो देखा कि गेट का ताला व कुंडा टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो रसोई का दरवाजा भी खुला था और उसमें रखे फ्रीज, एक वांशिग मशीन और दो रंगीन टीवी गायब मिले।
हाकिमअली की सूचना पर सीओ सदर सरजीतसिंह, सदर थाना के एसएचओ भवानीसिंह व जेएनवी एसएचओ अमीर हसन मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मौके से हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की खुली हुई बोतल और सरिया मिला जिससे दरवाजे के ताले और कुण्डे को तोड़ा गया है।
सरिया और शराब की बोतल को जप्त कर लिया है। शराब की खुली बोतल मिलने से ऐसा लगता है कि चोरों ने यहां शराब भी पी है। ऐसा लगता है कि चोर चोरी किए गए सामान को मुख्य द्वार से नहीं बल्कि दीवार की रेलिंग के ऊपर से उठाकर ले गए हैं। इसी प्रकार नापासर कस्बे में हनुमान धोरा के पास रहने वाले तुलसीराम उपाध्याय के घर से चोर हजारों रुपए के सोने के जेवरात व नकदी चुरा कर ले गए। तुलसीराम के पुत्र गोविन्दराम ने नापासर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया कि उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य घर की छत पर सो रहे थे।
सुबह उठकर उन्होंने देखा रसोई में लगी जाली टूटी हुई थी और कमरे में रखे संदूक का सामान बिखरा पड़ा था। संदूक को संभालने पर मालूम पड़ा कि सोने का हार, कानो की बाली, चार अंगूठियां और चांदी की चार जोड़ी पायजेब तथा 35 हजार रुपए नकद गायब थे।
मौके को देखकर ऐसा लगता है कि चोर रसोईघर के पास की दीवार से घर के अंदर कूदे और कमरे में जाकर संदूक का ताला तोड़ा और सामान चुरा कर ले गए है। पुलिस ने दोनो ही घटनास्थल की एसएफएल टीम और फिंगर पिंट्र विशेषज्ञ से जांच करवाई गई है।