दोगुना क्षमता से जाएगा पानी
Elections 2009 Divya Bhaskar Business Bhaskar Indiainfo DNA 3Dsyndication MyFM Mera Mobi


दोगुना क्षमता से जाएगा पानी

इंदौर. नगर निगम के अफसर और इंजीनियर बिलावली तालाब को लबालब करने के लिए मशक्कत कर रहे हैं। महू और राऊ की ओर से चैनल के जरिये आने वाले बारिश के पानी की क्षमता बढ़ाने के लिए सफाई और पाइप डालने का काम किया जा रहा है। सोमवार को कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव और निगमायुक्त सीबी सिंह ने इसका जायजा लेकर अफसरों को चैनल सफाई का काम बारिश से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया इस बार दोगुना क्षमता से बिलावली तालाब में पानी जमा होगा।

महू और राऊ की ओर से बहकर आने वाले पानी से बिलावली तालाब भरता रहा है। तालाब की उपयोगिता बढ़ाने के लिए निगम अब तक चैनल की गहराई पर छह लाख खर्च कर चुका है। दो स्टॉपडेम बनाए हैं। जहां चैनल कमजोर पड़ रही है वहां सीमेंट के बड़े-बड़े पाइप बिछाए जा रहे हैं।

बिलावली तालाब को जोड़ने वाली चैनल की साफ-सफाई व बिछाई जा रही पाइप लाइन का राऊ में काम देखने पहुंचे कलेक्टर और निगमायुक्त को भाजपा नेता मनोज सुले ने नर्मदा का पानी चोरी होने की शिकायत भी की। उन्होंने कहा नर्मदा प्रोजेक्ट और निगम अफसरों को जानकारी दिए बगैर पानी चोरी करके पीना लोगों की मजबूरी हो गई है।

अवमानना याचिका पर सुनवाई 28 को

नगर निगम द्वारा देवास को बीस लाख लीटर पानी देने के मामले में हाई कोर्ट में लगी अवमानना याचिका की सुनवाई 28 मई को होगी। याचिका सोमवार सुबह हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ के न्यायमूर्ति अभयमोहन सप्रे की बैंच के बोर्ड पर आ गई। आनंद ट्रस्ट जावरा कंपाउंड के ट्रस्टी सत्यपाल आनंद ने रजिस्ट्रार हाई कोर्ट इंदौर की अनुमति प्रस्तुत की है। उसमें नगर निगम को मुख्यमंत्री द्वारा देवास को पानी देने के आदेश को हाई कोर्ट की अवमानना बताते हुए मुख्यमंत्री, महापौर इंदौर, मुख्य सचिव मप्र शासन, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन व आयुक्त नगर निगम इंदौर को पक्षकार बनाया गया है। जस्टिस श्री सप्रे से अनुमति लेकर सोमवार सुबह याचिका बोर्ड पर रखी गई। न्यायालय ने उस पर सुनवाई के लिए 28 मई तय करते हुए एसपीसी जारी करने (याचिका लगाने वालों को विशेष सूचना पत्र) के निर्देश दिए।

देवास को पानी देने का विरोध

विधानसभा क्षेत्र तीन के विधायक एवं जनचेतना अभियान के संयोजक अश्विन जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने देवास को पानी देने के आदेश के विरोध में सोमवार सुबह राजबाड़ा, चिमनबाग चौराहा एवं रीगल तिराहे पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। वहीं वार्ड 59 के दुर्गानगर एवं पवनपुरी के रहवासियों ने पार्षद अरविंद बागड़ी के नेतृत्व में निगम की मदद लेकर दो प्राचीन कुओं की सफाई कर उपयोग में लेना शुरू कर दिया है। इसी प्रकार पानी अन्य दूसरी जगह देने के विरोध में छोटू शुक्ला के नेतृत्व में चिकमंगलूर चौराहे पर सुबह 9 बजे हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।



   Bookmark and Share




अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: