अजमेर. माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के बारहवीं विज्ञान वर्ग का परिणाम 91.04 प्रतिशत रहा है। यह विज्ञान वर्ग का अब तक का सर्वश्रेष्ठ परिणाम है। योग्यता सूची के प्रथम तीन स्थानों पर छह विद्यार्थियों का कब्जा रहा है। जयपुर की पूजा अग्रवाल, दिनेश कुमार सैनी, कुचामन सिटी (नागौर) के जुझारसिंह और सीकर के विक्रम सिंह संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आए हैं। दूसरा स्थान कुचामन सिटी के ही रामकिशोर और तीसरा स्थान जायल नागौर के प्रहलाद दास को मिला है। बोर्ड मंगलवार शाम 4 बजे परिणाम घोषित करेगा।
बोर्ड प्रशासक संभागीय आयुक्त महावीर सिंह के मुताबिक पहले स्थान पर कब्जा करने वाले विद्यार्थियों में कुमारी पूजा अग्रवाल पुत्री राधेश्याम गुप्ता जयपुर के राजवंश पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल, प्रतापनगर की छात्रा है जबकि दिनेश कुमार सैनी पुत्र रामकरण सैनी आदर्श विद्या मंदिर झोटवाड़ा जयपुर का। जुझारसिंह भाटी पुत्र बलवंत सिंह भाटी टैगोर शिक्षण संस्थान कुचामन सिटी और विक्रमसिंह पुत्र शिव भगवान भारतीय सीनियर सेकंडरी स्कूल सीकर के छात्र हैं।
इन सभी ने 650 में से 624 यानि 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। नागौर जिले की कुचामन सिटी के टैगौर शिक्षण संस्थान के छात्र रामकिशोर पुत्र हीराराम 650 में से 622 यानि 95.69 प्रतिशत अंक और जायल के इंडियन सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र प्रहलाद दास पुत्र छोटूदास ने 617 यानि 94.92 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर कब्जा किया है।
फैक्ट फाइल
विद्यार्थी पंजीकृत 1,00,725 परीक्षा में शामिल 99,130 नियमित 95,931 स्वयंपाठी 3199
परिणाम एक नजर में
नियमित 92.92 स्वयंपाठी 34.82 बालिकाएं 94.23 बालक 90.17