उदयपुर. कोटड़ा में अब सरकारी आवासों का निर्माण कराया जाएगा। इससे वहां तैनात कर्मचारी व अधिकारी मुख्यालय पर ही रुक सकेंगे। इन आवासों का निर्माण जनजाति विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। जिले की प्रभारी सचिव गुरजीत कौर ने प्रशासन को कोटड़ा में सरकारी आवासों के निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर आनंद कुमार ने दो दिनी दौरे पर आईं मुख्य सचिव कुशलसिंह के सामने भी कोटड़ा की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों के मद्देनजर यह सुझाव दिया था। उनका कहना है कि आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में शिक्षक, अधिकारी व कर्मचारी मुख्यालय नहीं ठहरते हैं। इस संबंध में अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत करने पर यह बात सामने आई कि कोटड़ा में अगर कर्मचारियों के लिए आवास व्यवस्था हो जाए तो वे मुख्यालय पर लंबे समय तक रुक सकते हैं।
गांवों में पशुओं के लिए चारे की समस्या को देखते हुए जिले के बाहर चारा परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी सचिव ने कोटड़ा व झाड़ोल में दूर दराज क्षेत्रों में मौसमी बीमारियों एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जलदाय विभाग के अधिकारियों ने जिले की पेयजल स्थिति और अजमेर विद्युत वितरण निगम लि. के अधिकारियों ने कृषि कनेक्शनों की रिपोर्ट पेश की।