उदयपुर. झीलों की नगरी में सोमवार को एक बार फिर गर्मी के तेवर तीखे हो गए। रविवार दोपहर बाद हुई बरसात के कारण जहां शाम ढलने के बाद मौसम ठंडा हो गया था और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की थी, वहीं सोमवार को दोपहर होते होते सूर्यदेव की किरणों ने असर दिखाया। चुभती धूप और उमस से लोग परेशान हुए, सड़कों पर दुपहरी में आवाजाही प्रभावित रही।
संभाग के अन्य जिलों बांसवाड़ा, डूंगरपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ आदि जगहों पर भी सोमवार को दिन गर्म बीता। उमस और चिपचिपाहट से लोग बेहाल रहे। डबोक स्थित मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। प्रतापगढ़ जिले के धरियावद स्थित ऋतु आलोक शाला में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
चित्तौड़गढ़ में दिनभर तेज धूप रही। शाम को ठंडी हवाएं चलने से राहत मिली। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 व 25.2 डिसे रहा। बांसवाड़ा में अधिकतम तापमान 40 डिसे व न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रहा। तेज धूप रही। डूंगरपुर में सोमवार को दिनभर तेज गर्मी व उमस के कारण जनजीवन बेहाल रहा। इससे पूर्व रविवार देर रात हल्की बूंदाबांदी से कुछ राहत मिली थी।
मौसम बिगाड़ सकता है सेहत
रिकार्ड तोड़ रही गर्मी में जरा सी लापरवाही बुखार, तापघात, डिहाड्रेशन के मरीज बढ़ रहे हैं। रविवार को हुई बरसात से भी अस्थमा और खांसी, जुकाम बढ़ने की आशंका है। गीतांजलि मेडीसिटी में मेडिसिन विभाग के प्रभारी डॉ. एलके भटनागर के मुताबिक इन दिनों बुखार, तापघात, पानी की कमी से डिहाइड्रेशन, पीलिया व टाइफाइड के रोगी ज्यादा आ रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
पानी पीकर बाहर निकलें।
तपन से बचाव करें और एकाएक ठंडे वातावरण से गर्मी में ना जाएं।
फिल्टर और एक्वागार्ड वाले पानी का सेवन करें।
तकलीफ होते ही उपचार लें।
नमक, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन ज्यादा से ज्यादा करें।
बच्चों को कम से कम धूप में निकाले और ठंडे वातावरण में रखने का प्रयास करें।