उदयपुर. गोवर्धन विलास क्षेत्र में सोमवार को फिर कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर दो दुकानों पर तलवारों से हमला किया। हमलावरों ने दुकानों व एक कार के शीशे तोड़ दिए और गल्ले में रखी नकदी लूट ली। पुलिस ने इस संबंध में हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रत्क्षदर्शियों के अनुसार रात करीब पौने आठ बजे ऑटो रिक्शा में आए हमलावरों ने गोवर्धन विलास निवासी राजू पुत्र गेहरीलाल खटीक की राजन मीट एंड चिकन शॉप पर अंधाधुंध तलवारों और लोहे के सरियों से वार किए।
दुकान में रखे फ्रीज, दुकान का दरवाजा और अन्य सामान भी तोड़ दिया। दुकान मालिक ने भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान वहां खड़े ग्राहक के तलवार का वार लगा, लेकिन ग्राहक डर के वहां से भाग गया। इसके बाद इन युवकों ने पास ही आयड़ निवासी दीपक शर्मा की दुकान अनटच स्पेयर्स एंड सर्विसेज के भी तलवारों व लोहे के सरियों से वार कर दरवाजे पर लगे शीशे तोड़ दिए। बाहर खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस तब मौके पर पहुंची, जब हमलावर फरार हो चुके थे। हमले के दौरान क्षेत्र के सभी दुकानदारों ने धड़ाधड़ शटर गिरा दिए। क्षेत्र में दहशत और तनाव की स्थिति बन गई। इस संबंध में राजू खटीक की ओर से खांजीपीर निवासी इश्हाक व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। राजू खटीक ने बताया वह अपने साले हाथीपोल, खटीकवाड़ा निवासी प्रदीप निमावत के साथ दुकान के बाहर खड़ा था और कर्मचारी रमेश, लाला व गोपाल ग्राहकों को संभाल रहे थे।
तभी दो-तीन ऑटो में एक दर्जन से अधिक तलवारों से लैस होकर आए युवकों ने हमला कर दिया। उसने बताया कि इस हमले में डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि एक माह पहले भी गोवर्धन विलास में तलवारों से हुए हमले में एक युवक की हत्या कर दी गई थी।
नकदी भी लूट ली
वारदात के दौरान हमलावर मीट शॉप में पड़े गल्ले से नकदी भी लूट ले गए। लूट की राशि का पता नहीं चला है। जाते समय गल्ले से सारे नोट बिखेर दिए। राजू ने बताया कि दिनभर का करीब दस हजार रुपए गल्ले में थे।
यह था विवाद
दो दिन पहले राजू मोटर साइकिल पर जा रहा था, तभी ऑटो चालक इश्हाक के अचानक ब्रेक लगा देने से वह गिर गया। इस पर दोनों के बीच विवाद हुआ और हाथापाई की नौबत आ गई। उसी दिन शाम को राजू जब कार लेकर जा रहा था, तब कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इस पर दोनों पक्षों की ओर से गोवर्धन विलास थाने में मामला दर्ज कराया था।