जोधपुर. जिले की 347 स्कूलों के बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है क्योंकि इन स्कूलों में पानी रखने की पुख्ता व्यवस्था नहीं है। यह बात डाइस द्वारा कराए सर्वे में सामने आई है। इन स्कूलों में सर्व शिक्षा परियोजना के तहत 60 हजार रुपए की लागत से टांके बनवाए जाएंगे।
जिले में पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित इन 347 सरकारी स्कूलों में सर्वाधिक 112 ओसियां ब्लॉक के हैं। जहां बच्चों के लिए पीने के पानी के पुख्ता बंदोबस्त नहीं है। सबसे कम 6 स्कूल लूणी के हैं, जहां पेयजल की व्यवस्थाएं नहीं है।
इन सभी स्कूलों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद जहां जरूरत है वहां टांके बनवा कर स्कूल की छत से वर्षा का पानी एकत्र कर इसका उपयोग पीने में किया जा सकेगा। जहां पाइपलाइन अथवा अन्य किसी साधन की जरूरत है, वहां वैसी सुविधा मुहैया कराई जाएगी। -भागीरथ विश्नोई, सहायक अभियंता सर्व शिक्षा परियोजना, जोधपुर