जोधपुर. हाईकोर्ट की रोक के बावजूद पत्थरों से भरे ओवरलोड वाहन शहरी क्षेत्र में सड़कों पर सरपट दौड़ रहे हैं। ऐसे वाहन मंडोर सहित अनेक आबादी वाले इलाकों से निकलते देखे जा सकते हैं। भारी भरकम पत्थर भर कर तेज स्पीड में निकलते इन वाहनों से दुर्घटना की आशंका के चलते लोग से भयभीत हैं। बालसमंद की खानियों से हर रोज दर्जनों वाहन दिन में पत्थर भर कर निकलते हैं।
यह वाहन मंडोर से जुड़ी अधिकांश कॉलोनियों में से होकर बनाड़ की तरफ जाते हैं। इन ओवरलोड वाहनों से गिरे पत्थर से कई बार राह चलते लोग दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। इन इलाकों में स्कूल, अस्पताल एवं धार्मिक स्थल होने से मुख्य मार्र्गो पर स्कूली बच्चों के अलावा लोगों की दिन भर आवाजाही रहती है।
यंग ब्लड युवा समिति मगरा पूंजला के सचिव अरविंद भाटी का आरोप है कि जिला कलेक्टर, आरटीओ व अन्य विभागों को कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस है। बालसंमद से पत्थर भर कर ट्रक नागौरीबेरा से वाया नयापुरा, लालसागर, गोकुलजी की प्याऊ, भाटी चौराहा, मगरा पूंजला से माता का थान होकर बनाड़ की ओर निकलते हैं।
इन बस्तियों में स्कूलें, मंदिर, अस्पताल आदि कई सार्वजनिक स्थान होने से स्कूली बच्चों एवं आम लोगों की आवाजाही रहती है।मुख्य मंडोर मार्ग से लालसागर की ओर अंडर ब्रिज के नीचे से ओवरलोड वाहन गुजरने से कई बार ट्रकों में लदे पत्थर गिरने से पीछे चलने वाले वाहन चालक दुर्घटना की आशंका से भयभीत रहते हैं।
सौ मीटर लंबे इस ओवर ब्रिज की बनावट अलग तरह की होने से पहले से ही काफी दिक्कतें हैं, ऊपर से दिन में भारी वाहन गुजरने से परेशानी बढ़ गई है।
पुलिस की मौजूदगी में निकलते हैं वाहन
सुबह और दोपहर में पत्थरों से लदे वाहन पुलिस की फ्लाइंग के आगे से निकलते हैं। कभी कभार पुलिसकर्मी वाहनों को रोकते हैं, लेकिन इस दौरान कथित आपसी रजामंदी से वाहन चालक निकल जाते हैं।