जालंधर. दोआबा क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर की बिगड़ी स्थिति के कारण सोमवार को जालंधर, कपूरथला, नवांशहर व बंगा में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर (जीएनडीयू) से संबंधित परीक्षा केंद्रों पर विभिन्न क्लासेज के पेपर नहीं हो पाए। जीएनडीयू व पंजाब टैक्निकल यूनिवर्सिटी (पीटीयू) ने 26 व 27 मई को होने वाले पेपरों की तारीख भी आगे बढ़ा दी है।
जीएनडीयू की एग्जामिनेशन (कंडक्ट) ब्रांच से मिली जानकारी के मुताबिक 26 व 27 मई को होने वाले वार्षिक व सैमेस्टर पेपरों को स्थगित कर दिया है। इनकी तारीख आगे बढ़ाई गई है, जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी। वहीं 25 मई को जालंधर में होने वाले पेपरों की तारीख कॉलेजों द्वारा भेजी जाने वाली रिपोर्ट के बाद ही तय हो पाएगी।
कंडक्ट ब्रांच के इंचार्ज प्रो. डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि शेष पेपर पहले से तय डेटशीट के मुताबिक होंगे। 25 मई को होने वाले पेपरों में बीए ऑनर्स स्कूल इन इंग्लिश फाइनल ईयर का हिस्ट्री ऑफ इंग्लैंड, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेटिव, एमजेएमसी फोर्थ सैमेस्टर, एमएससी कंप्यूटर साइंस, बीएससी बायोटैक्नोलॉजी का एग्रो एंड इंडस्ट्रियल एप्लीकेशन, बीबीए सैकेंड ईयर का फाइनेंशियल एंड कॉस्ट अकाउंटिंग, शास्त्री फस्र्ट व सैकेंड ईयर, एमएससी बॉटनी फस्र्ट ईयर का पेपर शामिल रहा।
पीटीयू की रजिस्ट्रार सरोजनी गौतम शारदा के मुताबिक 26 व 27 मई को सभी कोर्सेस के लिए होने वाले पेपर आगे किए गए हैं, जबकि 28 मई को होने वाले पेपर से आगे तक डेटशीट पुरानी वाली ही रहेगी। उन्होंने बताया कि 26 व 27 मई वाले पेपर की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।