जालंधर/पानीपत. आस्ट्रिया की राजधानी विएना में रविवार को एक धार्मिक स्थल में सत्संग के दौरान विरोधी गुट के हमले में गंभीर रूप से घायल डेरा गुरु रामानंद (५६) की मौत के बाद पंजाब व हरियाणा के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी। डेरा समर्थकों ने ट्रेन, बसों और पुलिस वाहनों में आग लगा दी।
उपद्रव बढ़ने के बाद जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर व फगवाड़ा में कफ्र्यू लगाना पड़ा। जालंधर में सेना तैनात कर दी गई जबकि फगवाड़ा में तैनाती के आदेश दिए। घटना के विरोध में जम्मू में भी प्रदर्शन हुआ। भारत ने इस संबंध में विएना स्थित अपने दूतावास से घटना की रिपोर्ट मांगी है।
विएना में घायल दूसरे संत निरंजन दास की हालत स्थिर बताई जा रही है। उधर अम्बाला से पंजाब जाने वाली बस और रेल सेवा ठप रही। स्वर्ण शताब्दी, शान-ए-पंजाब, दादर एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस व अन्य ट्रेन अम्बाला कैंट में ही रद्द कर दी गई।
अनुयायियों ने पहले अग्रसेन चौक पर बस तोड़ी और फिर पॉलीटेक्निक चौक पर बसों के शीशे तोड़ डाले और किंगफिशर के पास जाम भी लगाया। मुलाना के समीप दोसड़का में रोडवेज बस को आग लगा एमएम यूनिवर्सिटी की बस को तोड़ा।
यमुनानगर से पंजाब जान ेवाली बसें नहीं चलीं वहीं सहरसा-अमृतसर जनशताब्दी एक्स. को जगाधरी में खाली करा लिया गया। करनाल, रोहतक, कुरुक्षेत्र, सोनीपत से कोई बस या ट्रेन पंजाब नहीं गई। टोहाना में रविदास समुदाय के लोगों ने हिसार तिराहे पर जाम लगाया।