राजधानी हरियाणा. हरियाणा साहित्य अकादमी ने 2008-09 के लिए हरियाणा अधिवासी लेखकों के लिए पुस्तक पुरस्कार योजना के परिणाम घोषित किये है। हरियाणा साहित्य अकादमी के निदेशक देश निर्मोही ने बताया कि उच्चतर शिक्षा आयुक्त ज्योति अरोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुस्तक पुरस्कारों में हिन्दी कहानी प्रतियोगिता एवं पुस्तक प्रकाशनार्थ सहायता अनुदानों की घोषणा की गई।
पानीपत के राजेंद्र सारथी की कविता वर्ग में ‘कहीं कुछ जल रहा है’, नई दिल्ली की प्रतिभा की कहानी वर्ग में ‘तीसरा स्वर’, फरीदाबाद के महेन्द्र नैन सिंह सारन की उपन्यास वर्ग में ‘आर्य वर्ग का सम्राट’, सांपला (रोहतक) की मधुकांता की नाटक वर्ग में ‘ब्लड बैंक’, रोहतक की प्रो. रोहिणी अग्रवाल की आलोचना वर्ग में ‘समकालीन कथा साहित्य: सरहदें और सरोकार’, हिसार के आई.जी. नाहल की निबंध वर्ग में ‘अभिनंदन करवा लो’, सिरसा की मोनिका की बाल साहित्य वर्ग में ‘मैं हूं मणि’ और सिरसा के डॉ. ललित कुमार जैन की अनुवाद वर्ग में ‘तर्क वेद’ शामिल है।
इसी प्रकार, हरियाणवी में उपन्यास वर्ग में जींद के जगबीर राठी की पुस्तक ‘युद्धवीर’, हिसार के मदन गोपाल शास्त्री की कविता/रागनी वर्ग में ‘हरियाणवी रामायण’ तथा रोहतक की श्रीमती रमाकांता की लोक साहित्य वर्ग में हरियाणा लोक गीतों का पारम्परिक संबंध रीत तथा गीत शामिल है, जिन्हें 21-21 हजार रुपये के पुरस्कार के लिए चयनीत किया गया है।