News
Himachal Pradesh
Baki Himachal Baki Himachal मंडी । पंजाब में जिस कद्र तोड़-फोड़ और आगजनी से हालात बिगड़े हैं उसका सीधा असर हिमाचल में भी पड़ रहा है। सड़क-परिवहन बाधित होने से मंडी शहर में भी जरूरी चीजों का संकट गहरा सकता है। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि एक-दो दिन के व्यवधान से ज्यादा फर्क तो नहीं पड़ेगा लेकिन अगर हालात जस के जस रहे तो निश्चित रूप से आवश्यक चीजों की सप्लाई प्रभावित होगी।
गौरतलब है कि हिमाचल को पंजाब से चावल, गंदम, तेल, घी, दूध, ब्रैड व रोजमर्रा की दर्जनों जरूरी चीजों की सप्लाई होती है। यह सारा समान ट्रकों के माध्यम से आता है और जिस तरह पंजाब में हालात बिगड़े हैं उससे सड़क-परिवहन प्रभावित हुआ है।
मंडी के प्रमुख होल सेलर प्यार सिंह का कहना है कि एक-दो दिन का तो खास असर नहीं होगा मगर तोड़-फोड़ और आगजनी का सिलसिला लंबा चलता है तो लोगों को आवश्यक खाद्य चीजों से महरूम रहना पड़ सकता है।
किरयाना व्यापारी एवं व्यापार मंडल के महासचिव राजेश महेंद्रु ने कहा कि आमतौर पर दो-चार दिनों के लिए तो व्यापारियों के पास अतिरिक्त स्टॉक होता ही है मगर संकट लंबा खिंचता है तो इसका प्रभाव पड़ना तय है।
एचआरटीसी सेवाएं भी प्रभावित : पंजाब में मचे कोहराम के चलते हिमाचल की बस सेवाएं भी बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं। खासतौर से जो बसें पठानकोट होते हुए अमृतसर, जालंधर, बटाला, गुरदासपुर की तरफ जाती हैं उनकी आवाजाही पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
जो बसें रविवार को पंजाब गई हैं, उनके चालक-परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे हालात को देखते हुए ही रूट पर चलें। इसके अलावा जो बसें सोमवार को अमृतसर व जालंधर की तरफ गई हैं उन्हें उना या पठानकोट तक ही जाने के आदेश दिए गए हैं।
वहीं किरतपुर होते हुए चंडीगढ़, दिल्ली आदि की तरफ जाने वाली बसों की आवाजाही गंतव्य तक जारी रखने को कहा गया है लेकिन संबंधित चालक-परिचालकों को निरंतर प्रबंधन के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। एचआरटीसी के मंडी स्थित आरएम योगराज ठाकुर व अड्डा इंचार्ज सुभाष ने इसकी पुष्टि की है।
वियना गोलीकांड प्रकरण का जोड़: पंजाब में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण सब्जी की सप्लाई पर भी असर पड़ा है। स्वां नदी (ऊना) से हर रोज कई क्विंटल सब्जी पंजाब के लुधियाना, जालंधर, आदमपुर, अमृतसर, होशियारपुर आदि स्थानों को सप्लाई होती है।
होशियारपुर मंडी से भी सब्जी की सप्लाई हमीरपुर व बिलासपुर के होती है। लेकिन सोमवार को इन जगहों पर हालात खराब होने की बजह से सब्जी की सप्लाई नहीं हो पाई। इसके अलावा दूध, पनीर, खोया, बर्फी व अन्य खाद्य पदार्थो की सप्लाई भी प्रभावित हुई है।
चंडीगढ़ के लिए बस सर्विस: चंडीगढ़, अंबाला, देहरादून व दिल्ली के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की सभी बसें बदस्तूर चल रही हैं। इस रूट पर अभी निगम ने अपनी बसें बंद नहीं की हैं। जबकि लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, नवांशहर की तरफ चलने वाले सभी रूट अस्थाई तौर पर बंद कर दिए हैं।
एंट्री बैरियरों पर चौकसी: एसएसपी एन वेणुगोपाल के मुताबिक जिले में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। पंजाब से सटे एंट्री बैरियरों पर पूरी चौकसी बरती जा रही है। बाहर से आने वाले वाहनों की चैकिंग की जा रही है। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद पर है। पंजाब के साथ लगते मैहतपुर, संतोषगढ़ और गगरेट आदि स्थानों पर पुलिस नजर रखे हुए है।