ऑस्ट्रिया के विएना में गुरुद्वारे में हुई गोलाबारी से पंजाब में भड़की हिंसा का प्रदेश पर व्यापक असर पड़ा है। प्रदेश परिवहन निगम के एमडी टीसी जनार्था ने बताया कि पंजाब जाने वाली सभी बसें रद्द कर दी हैं। वहीं, मनाली में होटलों की करीब 25 फीसदी बुकिंग भी रद्द हो गई है।
इसके अलावा जरूरी वस्तुओं की ढुलाई भी बाधित हुई है। सोमवार को ऊना से होशियारपुर, जालंधर, अमृतसर, नवांशहर, फगवाड़ा और लुधियाना के लिए निगम की बसें पूरी तरह बंद रही। इससे इन शहरों की तरफ आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को भारी दिक्कत हुई। जालंधर, फगवाड़ा और लुधियाना शहरों में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण निगम की बसें नहीं चल पाई।
वहीं, हमीरपुर से अमृतसर के लिए 5, जालंधर के लिए 2, होशियारपुर के 4 और लुधियाना के लिए 3 बसों के रूट रद्द कर दिए गए हैं। सोमवार को इन्हें गगरेट तक ही भेजा गया है। हमीरपुर डिवीजन के डीएम वीरिसिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट शिमला मुख्यालय को भेज दी गई है।
पंजाब में भड़की हिंसा के कारण सोमवार को ऊना के मुख्य बस स्टैंड पर यात्री बस के लिए इधर-उधर भटकते रहे। यात्री रोहित ठाकुर ने बताया कि वे जालंधर जाने के लिए सुबह करीब छह बजे ही बस स्टैंड पहुंच गए थे, लेकिन चार-पांच घंटे में कोई बस नहीं मिली।
वहीं रणवीर सिंह, कर्ण ठाकुर व राजेश ने बताया कि वे शाहतलाई से लुधियाना वापस जा रहे थे। बसें बंद होने से उन्हें काफी दिक्कत हुई है। ऊना डिपो के डीडीएम एसके बहल ने बताया कि माहौल सामान्य होने पर ही बसें चलाई जाएंगी।
दूसरी ओर पंजाब से सटे सीमावर्ती क्षेत्र चक्की बैंक में प्रदर्शनकारियों के सोमवार को चक्का जाम कर राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 पर कांगड़ा और चंबा घाटी में आने-जाने वाले वाहन रोक दिए। यात्री और पर्यटक घंटों जाम में फंसे रहे। सैन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
पर्यटकों ने वापस लौटने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। पांवटा ट्रक यूनियन के तीस ट्रक सोमवार को पंजाब की सीमा पर खड़े रहे। कई ट्रकों को यूनियन ने रोक लिया। उधर, मनाली होटल एसोसिएशन के प्रधान टेक चंद ने बताया कि कुल्लू मनाली में हर वर्ष गुजराज, मुंबई, राजस्थान, कोलकाता, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के लाखों की तादाद में सैलानी आते हैं।
होटलों में अभी ९क् फीसदी बुकिंग हो चुकी है। शिमला के पर्यटन पर भी बुरा असर पड़ने की आशंका है। पूरे प्रदेश में इन दिनों पर्यटन सीजन पूरे जोरों पर है और रोजाना हजारों पर्यटक यात्रा कर रहे हैं।
प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर समर सीजन के दौरान औसतन 20 लाख से भी ज्यादा पर्यटक यात्रा करते हैं। राजधानी शिमला के होटलों में इन दिनों सभी होटल फुल चल रहे हैं। पर्यटक निगम के महाप्रबंधक योगेश बहल के अनुसार पर्यटकों की संख्या में फिलहाल कोई कमी नहीं आई है।