शिमला । शिमला के लक्कड़ बाजार बस स्टैंड के साथ रिटेनिंग वॉल के निर्माण का कार्य करीब एक साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। बस स्टैंड और तंग सडक होने से यहां पर अक्सर गाड़ियों का जाम लगा रहता है, जिससे लोगों व बच्चों को समय पर पहुंचने में दिक्कतें आ रही है।
यह निर्माण कार्य करीब एक साल पहले शुरू हुआ था जिसके लिए करीब 12 लाख रूपए स्वीकृत किए गए थे। रिटेनिंग वॉल का यह निर्माण 6 माह के भीतर पूरा किया जाना था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते लगभग एक साल बाद भी यह पूरा नहीं हो पाया है।
इस वॉल का निर्माण सड़क को चौड़ा करने के लिए किया जा रहा था ताकि यहां पर जाम की समस्या को दूर किया जा सके। सड़क के निचली ओर बनने वाली इस वॉल का निर्माण काफी दिनों से बदं पड़ा है। यह निर्माण कार्य पीडब्लयुडी विभाग एक के अंतर्गत आता है।
इसके निर्माण का कार्य ठेकेदार ओपी ठाकुर को आबंटित हुआ था। निर्माण समय पर पूरा न हो पाने का कारण बताते हुए ओपी ठाकुर ने बताया कि यहां नगर निगम की भूमि होने से निर्माण कार्य लंबित पड़ा है। यहां के स्थानीय दुकानदार विवेक सूद और नरेश ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा न होने से यहां पर अक्सर जाम लगा रहता है।
बस स्टैंड के नजदीक होने से तो यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। बसों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा यहां के बसस्टैंड की हालत भी खस्ता हो चुकी है।