नई दिल्ली. कोलकाता से दिल्ली आ रहे 200 से अधिक यात्रियों की सांसें उस समय अटक गई, जब स्पाइस जेट के विमान का ईंधन खत्म होने की कगार पर आ गया। पायलट की इस सूचना और जयपुर एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बीच की अवधि में यात्री डरे-सहमे बैठे रहे।
इस बीच विमान कई बार हिचकोले खाता रहा। विमान में बैठे अधिकांश यात्रियों को लगा कि शायद यह उनका आखिरी सफर है, लेकिन खुशकिस्मती से विमान रात करीब 11:30 बजे जयपुर में सकुशल उतर गया।
विमान की सीट संख्या-डी २२ में बैठे एक यात्री ने जब इस आपबीती को बयां किया तो उनके चेहरे पर राहतभरे भाव साफ देखे जा सकते थे। बैंक में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी एसके वधावन ने भी स्पाइस जेट की इसी उड़ान संख्या 299 से पिछले शनिवार को यात्रा की थी।
उन्होंने बताया कि कोलकाता से शाम 7.10 बजे विमान ने उड़ान भरी। करीब दो घंटे बाद जब विमान ने दिल्ली के आसमान में प्रवेश किया तो कहा गया कि मौसम ठीक नहीं होने से लैंडिंग में समस्या हो रही है। इस बीच विमान दिल्ली के आसमान में लगातार चक्कर काटता रहा। फिर इसे जयपुर ले जाने का फैसला किया गया। इसी बीच पायलट ने घोषणा की कि विमान में ईधन बेहद कम है। दिल्ली से जयपुर के बीच की दूरी करीब ४५ मिनट की है, लेकिन विमान करीब 11.30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा।
वधावन ने बताया कि जयपुर में विमान में तेल भरा गया। इसके एक घंटे बाद विमान जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुआ और एक बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा।