पंजाब में भड़की हिंसा के चलते प्रदेश में चिंताजनक हालात पैदा हो गए हैं। सबसे बुरा असर उद्योगों, पर्यटन और परिवहन पर पड़ा है। इसके अलावा खाद्य एवं अन्य जरूरी वस्तुओं की सप्लाई भी बाधित हुई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के डीएम वीरी सिंह ने बताया कि प्रदेश में पंजाब जाने वाली बस सेवा मंगलवार को भी ठप रही। कांगड़ा जिले में राशन, दूध सहित अन्य सभी आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर असर पड़ा है।
एडीसी जिला कांगड़ा संदीप भटनागर ने वह हालात पर नजर रखे हुए हैं। सोलन के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ उद्योगों की दर्जनों इकाइयों में काम लगभग थम सा गया है। इसके अलावा ऊना के मैहतपुर और सिरमौर के कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयां भी प्रभावित हुई हैं।
परवाणू स्थित बहुत सी औद्योगिक इकाईयों के कच्च माल पंजाब के विभिन्न शहरों से मंगाया जाता है, वहीं यहां के उद्योगों में तैयार माल की सप्लाई पंजाब की कई कंपनियों को की जाती है। हिंसा का सबसे ज्यादा नुकसान ट्रैक्टर और ऑटोमोबाइल पार्ट्स बनाने वाली कंपनियों पर पड़ा है। पर्यटन क्षेत्र में शिमला, मनाली, धर्मशाला और कसौली जैसे पर्यटन स्थलों की सैर को आने वाले पर्यटकों की संख्या में 20 से 25 फीसदी कमी आई है। हमीरपुर के सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ में पंजाब से माथा टेकने आए कई श्रद्धालु पिछले दिन से दियोटसिद्ध में ही ठहरे हुए हैं।
पंजाब से होने वाली खाद्यानों की सप्लाई प्रभावित हुई है। पंजाब से खाद्यान लेकर आने वाली कुछ गाड़ियां पंजाब में फंसी हैं। चौहटा बाजार मंडी के होल-सेलर प्यार सिंह ने कहा कि अगर यह मामला जल्द शांत न हुआ तो खाद्यान्न की समस्या बढ़ सकती है।
एचआरटीसी मंडी के रीजनल मैनेजर योगराज ठाकुर ने बताया कि एचआरटीसी की मनाली, कुल्लू और मंडी से दिल्ली और चंडीगढ़ की तरफ जाने वाली बसों को कीरतपुर के बजाय वाया नालागढ़ भेजा जा रहा है। बिलासपुर में स्थित सीमेंट प्लांट के लिए ढुलाई करने वाले बीडीटीएस और एक्स सर्विसमैन यूनियन को दो दिनों में करोड़ों का नुकसान हुआ है।
वहीं, कांगड़ा के जसूर में डेरा गुरु के अनुयायियों ने मंगलवार को एनएच-20 पर चक्काजाम कर विरोध जताया। 30 मिनट तक चले इस विरोध प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम नूरपुर आईएस भारद्वाज को ज्ञापन सौंपकर मामले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संतोषगढ़ पुलिस छावनी में तबदील हो गया। शहर में जगह-जगह पुलिस तैनात है।
कालाअंब से सटे क्षेत्र में बाजार बंद
कालाअंब के हरियाणा से सटे क्षेत्र में मंगलवार को उपद्रवियों के नारायणगढ़ से कालाअंब की तरफ आने की खबर से बाजार में अफरातफरी मच गई। बाजार 11 बजे अचानक बंद कर दिया गया। सरपंच रमेश अरोड़ा ने बताया कि उनके पास एसडीएम नारायणगढ़ का फोन आया और उन्होंने एहतीयात के तौर पर बाजार बंद करने को कहा। कालाअंब चौक पर हरियाणा पुलिस तैनात रही। तहसीलदार नारायणगढ़ पुलिस बल के साथ वहां मौजूद थे। एसडीएम नारायणगढ़ देवेंद्र कौशिक ने क्षेत्र का दौरा किया।
सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ी
प्रदेश में पंजाब की सीमा से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ऊना, संतोषगढ़, कांगड़ा, कालाअंब और परवाणू में विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।