News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. शाला में शिक्षकों की कमी का खामियाजा छात्र-छात्राओं को नहीं भुगतना पड़ेगा, क्योंकि एक बार फिर शालाओं में अतिथि शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे। अतिथि शिक्षक बन पढ़ाने वाले इच्छुक लोग 30 जून तक आवेदन दे सकेंगे। जिले की कई शालाओं में शिक्षकों की कमी है।
शिक्षण सत्र के दौरान कहीं-कहीं कुछ शिक्षक लंबी छुट्टी लेकर घर बैठ जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसके लिए राज्य शिक्षा केन्द्र आयुक्त ने बीते दिनों आदेश जारी कर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था शालाओं में समय रहते करने के निर्देश दिए हैं।
नियमानुसार अतिथि शिक्षक वहां रखे जाएंगे, जहां प्राथमिक शालाओं में दो शिक्षक एवं माध्यमिक शालाओं में विषय समूह के मान से तीन शिक्षकों से कम संख्या में शिक्षक अध्ययन करा रहे हैं। पालक शिक्षक संघ द्वारा अतिथि शिक्षक रखा जाएगा।
प्राथमिक शालाओं के लिए अतिथि शिक्षक की योग्यता हायर सेकण्डरी व माध्यमिक शाला के लिए संबंधित विषय में स्नातक होना चाहिए। अतिथि शिक्षक के लिए 70 साल से कम आयु के सेवानिवृत्त शिक्षक भी आवेदन दे सकतें हैं।
प्राथमिक शाला में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षक को 100 रुपए प्रति दिवस व माध्यमिक शाला के अध्यापन के लिए 150 रुपए प्रति उपस्थिति दी जाएगी। चयन के लिए अतिथि अध्यापक का पैनल बनाया जाएगा। आवेदन के आधार पर अतिथि शिक्षक का पैनल 5 जुलाई को तैयार किया जाएगा।