News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. विकलांग आरक्षण के विवाद को लेकर पटवारियों के 2340 रिक्त पदों पर ठप पड़ी भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) भोपाल एक सप्ताह के अंदर पटवारी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर सकता है। यह निर्णय भोपाल में उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया है।
भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त मुख्यालय ग्वालियर ने प्रदेश में 2340 पटवारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) को लिखित परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। व्यापमं ने सितंबर 2008 में लिखित परीक्षा का आयोजन किया लेकिन इसका परिणाम अभी तक घोषित नहीं हो पाया है।
परीक्षा में प्रदेश के एक लाख से अधिक बेरोजगारों ने किस्मत आजमाई है। भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त आयुक्त विनोद कुमार ने कुछ माह पूर्व शासन को पत्र लिखकर पटवारियों की भर्ती में विकलांग आरक्षण की छूट मांगी थी। आयुक्त का तर्क था कि पटवारियों को दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में मैदानी कार्य करने पड़ते हैं, इसलिए विकलांग आरक्षण से इसे मुक्त रखा जाए।
व्यापमं बिना विकलांग आरक्षण का निर्णय हुए रिजल्ट घोषित नहीं करना चाहता था। इस मामले में सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव वाली एक समिति की बैठक में निर्णय लिया जाना था। गत सप्ताह भोपाल में हुई उच्च स्तरीय बैठक में राज्य शासन ने विकलांग आरक्षण में सशर्त छूट प्रदान कर दी।
नेत्रहीनों की पटवारी के पद पर भर्ती नहीं की जाएगी। इसके अलावा अस्थि विकलांग में निर्धारित प्रतिशत का पालन करते हुए विकलांग आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त आयुक्त ने व्यापमं को इसकी सूचना भेज दी है।
विकलांग आरक्षण का मामला सुलझ गया है। व्यापमं ने एक सप्ताह के अंदर पटवारी भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित करने का भरोसा दिलाया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद जून माह में चयनित आवेदकों की पटवारी ट्रेनिंग सेंटरों में ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। -विनोद कुमार, आयुक्त,भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त, मध्यप्रदेश