भोपाल. भारतीय स्टेट बैंक के करीब साढ़े चार हजार अधिकारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताली नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन के रुख में सुधार नहीं हुआ तो 12 जून की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के साथ 11 और 13 जून को मप्र-छग के अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। 14 जून को रविवार है, इस हिसाब से बैंक चार दिन बंद रहेंगे।
ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर हुई इस एक दिवसीय हड़ताल के चलते पूरे मप्र-छग में बैंक शाखाएं नहीं खुलीं। स्थानीय प्रधान कार्यालय में भी कोई कामकाज नहीं हुआ और यहां आयोजित सभा में एसोसिएशन अध्यक्ष समीर बैनर्जी और महासचिव केएन शर्मा ने आरोप लगाया कि नीति और नियमों को ताक पर रखकर अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। जानबूझकर रविवार के दिन बैठकें आदि आयोजित की जाती हैं। एसोसिएशन के प्रति मुख्य महाप्रबंधक का रवैया ठीक नहीं है।
नेताओं ने मांग की कि नियम विरुद्ध तबादले निरस्त किए जाएं और अधिकारियों के बेवजह परेशान करना बंद किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो 11 और 13 जून को मप्र-छग के अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर 12 जून की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भी अधिकारी शामिल होंगे। 14 जून को रविवार है। इस हिसाब से लगातार चार दिन तक स्टेट बैंक का कामकाज ठप हो जाएगा। महासचिव केएन शर्मा ने बताया कि आंदोलन जारी रहेगा। वर्क टू रूल के साथ रोजाना भोजन अवकाश के दौरान स्थानीय प्रधान कार्यालय में नारेबाजी होगी।