भोपाल. भास्कर समूह द्वारा प्रदेश में जल सहेजने के लिए चलाया जा रहा जागरूकता अभियान सराहनीय है। बरसात का पानी अमृत तुल्य है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को जमीन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर भास्कर समूह की रेन वाटर हार्वेस्टिंग जागरूकता रथ टीम से औपचारिक मुलाकात के दौरान कही।
श्री चौहान ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि भास्कर समूह ने विगत माह में वाटर हार्वेस्टिंग के संबंध में जन-जन तक जागरूकता पहुंचाने का जो संकल्प लिया था, वह लक्ष्य के करीब है। गौरतलब है कि भास्कर समूह की टीम द्वारा राजधानी भोपाल के लगभग ९क् फीसदी तथा इंदौर शहर में 85 प्रतिशत क्षेत्रों में जागरूकता रथ के साथ पहुंचकर लाइव डेमोंस्ट्रेशन देते हुए बरसात के पानी को जमीन में उतारने की तकनीक को आसान तरीके से लोगों तक पहुंचाया है। लक्ष्य प्राप्ति की ओर बढ़ रही भास्कर समूह की टीम ने मुख्यमंत्री को यह भी विश्वास दिलाया कि आगामी मानसून से पहले हम न सिर्फ संपूर्ण शहर, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी पहुंचकर रेन वाटर हार्वेस्टिंग के प्रति लोगों को जागरूक कर देंगे।
मुख्यमंत्री ने की अपील
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के प्रत्येक नागरिक से वर्षा जल को जमीन में उतारने की अपील करते हुए कहा- ‘आप इस अभियान से जुडं़े। हम जहां भी हों, वहीं पर वर्षा जल को बचाने के लिए प्रयत्न करने होंगे तभी हम और हमारा भविष्य सुरक्षित रह सकेगा।’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे प्रयोग शुरू किए हैं, लेकिन समाज के सहयोग के बिना सरकार इस काम को पूरी तरह सफलतापूर्वक नहीं कर सकती है।
मिलने लगा फायदा
भास्कर समूह के अभियान से प्रेरित होकर जिन लोगों ने रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग तकनीक अपनाई, उन्हें हाल ही में हुई बारिश के बाद से ही फायदा मिलने लगा है। इसके तहत कई लोगांे के सूख चुके बोर रिचार्ज हो गए और उनमें पानी की मात्रा बढ़ गई है।