भोपाल. हमीदिया अस्पताल में मंगलवार को सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रही। इसके बाद भी विभागीय मंत्री अनूप मिश्रा निरीक्षण करने हमीदिया अस्पताल नहीं पहुंचे।
मंगलवार को हमीदिया अस्पताल का नजारा बदला-बदला सा रहा। अस्पताल में सामान्य दिनों की तरह डॉक्टरों के चैंबरों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें नहीं लगी। अस्पताल के डॉक्टरों से लेकर पैरामेडिकल स्टाफ तक सभी अपने-अपने काम में व्यस्त दिखे। रोजाना की तरह मरीजों को डॉक्टरों का उनके कमरे के बाहर इंतजार नहीं करना पड़ा।
गायब हो गए टूटे स्ट्रेचर
हमीदिया अस्पताल में मरीजों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में शिफ्ट करने के उपयोग में आने वाले टूटे स्ट्रेचर मंगलवार को अस्पताल के वाडरें में नहीं दिखाई दिए। मरीजों को अपने हाल पर छोड़ने वाले वार्ड ब्याय भी मरीजों के स्ट्रेचर खींचते नजर आए। हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने दोपहर ढाई बजे तक चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा का अस्पताल में इंतजार किया। इसके बाद सभी डॉक्टरों ने गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हमीदिया अस्पताल के शीर्ष अधिकारियों से मंत्री श्री मिश्रा के निरीक्षण कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी ली।