News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. जलालाबाद के विधायक शेर सिंह घुबाया और काहनूवान के विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने अपनी-अपनी सीटों से इस्तीफा दे दिया है। घुबाया फिरोजपुर से और बाजवा गुरदासपुर से चुनाव जीतकर संसद में पहुंचे हैं। ऐसे में ये दोनों सीटें खाली हो गई हैं।
विधानसभा स्पीकर निर्मल सिंह काहलों ने बताया, जलालाबाद व काहनूवान सीटों के खाली होने के बारे में चुनाव आयोग को सूचित कर दिया है। प्रताप बाजवा तो गत शाम इस्तीफा दे गए थे जबकि शेर सिंह घुबाया ने अपना इस्तीफा मंगलवार सुबह दिया है।
चुनाव आयोग ने नूरमहल का उपचुनाव स्थगित कर दिया है। यहां 28 मई को मतदान होना था। जो अब 12 जून को होगा। मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक रखा गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी कुसुमजीत सिद्धू के अनुसार मतगणना 15 जून को की जाएगी और चुनावी प्रक्रिया 19 जून को समाप्त होगी।
काबिले गौर है कि डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास पर हुए जानलेवा हमले के बाद पंजाब में भड़की हिंसा को देखते हुए चुनाव आयोग ने मतदान स्थगित करने का फैसला लिया है। नूरमहल भी जालंधर के प्रभावित क्षेत्र का हिस्सा है। कल जालंधर के डिप्टी कमिश्नर ने आयोग को सिफारिश की थी कि इस स्थिति में निष्पक्ष चुनाव करवाना संभव नहीं होगा। वर्णनीय है कि नूर महल की सीट अकाली विधायक गुरदीप सिंह भुल्लर के निधन के बाद खाली हुई थी।