अजमेर. सावित्री कॉलेज के निकट से चोर एक ट्रैक्टर ले गए।यह जीव सेवा समिति का पानी सप्लाई के उपयोग का था। चोर पानी का टैंकर छोड़ गए। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जीव सेवा समिति के माधव बच्चनी ने मंगलवार सुबह रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सोमवार रात सावित्री कॉलेज के निकट दयाल बीना चेरीटेबल डायग्नोस्टिक सेंटर के बाहर समिति का ट्रैक्टर खड़ा किया था।
मंगलवार सुबह समिति का ड्राइवर गिरवर सिंह पानी सप्लाई के लिए ट्रैक्टर लेने पहुंचा तो उसे सिर्फ टैंकर ही मिला। ट्रैक्टर गायब था। ट्रैक्टर से शहर के 15 जल मंदिरों में पानी सप्लाई किया जाता था। उन्होंने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सप्लाई प्रभावित रहेगी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने ट्रैक्टर ड्राइवर और संबंधित लोगों से पूछताछ की है।