जयपुर. कला रसिक रघु सिन्हा की स्मृति में चौथा दो दिवसीय अखिल भारतीय भक्ति और नृत्य समारोह बुधवार को शुरू होगा। श्रुतिमंडल और रघु सिन्हा माला माथुर चैरिटी ट्रस्ट की ओर से महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस समारोह की शुरुआत शाम 7:30 बजे देश में सबसे पहले भजन सम्राट के रूप में पहचान बनाने वाले पं. पुरुषोत्तम दास जलोटा के भजन गायन से होगी।
जलोटा जयपुर में पहली बार अपनी प्रस्तुति देंगे। समारोह के दूसरे दिन 28 मई को चेन्नई की शैलजा का कुचीपुड़ी और मुंबई की राजश्री शिरके का कथक नृत्य होगा। भरतनाट्यम में और कुचिपुड़ी नृत्य में दक्ष शैलजा बेहतरीन कोरियोग्राफर भी हैं। हर जगह अपनी कला का परचम लहराने वाली शैलजा ने देश-विदेश में कई लोगों को इन विधाओं में पारंगत भी किया है।
कथक नृत्यांगना राजश्री शिरके भरतनाट्यम में भी निपुण हैं। कथक के लखनऊ, बनारस और जयपुर तीनों ही घरानों की नृत्य शैलियों को सीखने में इन्होंने कठोर साधना की है। इस मौके पर जानी-मानी नृत्यांगना सोनल मानसिंह भी होंगी। सोनल मानसिंह के रघु सिन्हा से पारिवारिक संबंध थे। ऐसे होने से वे हर साल इस समारोह में शरीक होने आती हैं। दोनों दिन कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।