जयपुर/अजमेर. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सीनियर सेकंडरी साइंस का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया है। परिणाम 91.04 प्रतिशत रहा। इसकी मेरिट में लड़के छा गए। प्रथम स्थानों पर 26 विद्यार्थियों का कब्जा रहा इनमें से 22 लड़के हैं। मेरिट में प्राइवेट स्कूलों का भी बोलबाला रहा। सरकारी स्कूलों के मात्र दो विद्यार्थी हैं।
बोर्ड द्वारा जारी मेरिट के मुताबिक प्रथम स्थान पर 4 विद्यार्थी, दूसरे, तीसरे और पांचवें स्थान पर एक-एक विद्यार्थी ने कब्जा किया है। चौथे, छठे और दसवें स्थान पर चार-चार, सातवें स्थान पर तीन, आठवें और नवें स्थान पर दो-दो विद्यार्थियों का कब्जा रहा। मेरिट में इस बार छात्राओं को चार स्थान ही मिले हैं।
पहले स्थान पर जयपुर की पूजा, पांचवें स्थान पर पीलीबंगा की इशा गुप्ता, छठे पर अजमेर की वसुंधरा चौहान और दसवें पर जयपुर की पूजा गोयल ने कब्जा किया। शेष सभी छात्र हैं। सरकारी स्कूलों का मान रखा अजमेर के वैशालीनगर स्थित राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल के छात्र नितिन मोतियानी और बिजयनगर के करण कटारिया ने। नितिन ने चौथा स्थान और करण ने सातवां स्थान हासिल किया।