पीएम के लिए कलेक्टर लगाएंगे ड्यूटी
Elections 2009 Divya Bhaskar Business Bhaskar Indiainfo DNA 3Dsyndication MyFM Mera Mobi


पीएम के लिए कलेक्टर लगाएंगे ड्यूटी

बिलासपुर. सिम्स में लाशों के पोस्टमार्टम के लिए आए दिन होने वाले हो-हंगामे को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने इसके लिए रोस्टर तय करने का फैसला किया है। उन्होंने बुधवार सिम्स और जिला अस्पताल के अफसरों की मीटिंग ली और कहा कि अब पोस्टमार्टम को लेकर सिम्स में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। इधर, पीएम की ड्यूटी लगाने की भनक लगते ही जिला अस्पताल के आधा दर्जन डाक्टर विरोध करने कलेक्टोरेट पहुंच गए थे।

सिम्स में लाशों के पोस्टमार्टम में देरी को लेकर हंगामा होना कोई नई बात नहीं है। सोमवार को दो लाशों का पीएम न होने से उनके परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया था। इस घटना के बाद कलेक्टर सोनमणि बोरा ने आज सिम्स के डीन डा. बीएल पटेल, एमएस डा. आरआर तिवारी और सीएमओ डा. सुरेंद्र पामभोई को बुलाकर मीटिंग ली। उनसे कहा गया कि वे समन्वय बनाकर सिम्स और जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं।

पोस्टमार्टम के लिए अब रोस्टर बनाकर डाक्टरों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए सिम्स व जिला अस्पताल के पांच-पांच डाक्टरों की लिस्ट मंगाई गई है। सिम्स की ओर से यह लिस्ट आज शाम को ही उपलब्ध करा दी गई। अब हर महीने के लिए इन 10 डाक्टरों का रोस्टर तय किया जाएगा और इसी के अनुसार पोस्टमार्टम ड्यूटी लगाई जाएगी। रोस्टर में जिस डाक्टर का नाम रहेगा, उसे ही पोस्टमार्टम करना पड़ेगा। हर महीने कलेक्टोरेट से यह रोस्टर अपडेट होता रहेगा।

कलेक्टर श्री बोरा ने कहा कि पोस्टमार्टम की ड्यूटी पर डाक्टर सुबह ९ बजे मौजूद हो जाएं और शाम 5 बजे तक रहें। ड्यृटी के दौरान वे अपना मोबाइल चालू रखेंगे और बाहर जाने की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारी को सूचना देंगे। इसके अलावा कलेक्टर ने सिम्स व जिला अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर धनंजय देवांगन भी मौजूद थे।

नदारद डाक्टरों पर कार्रवाई: बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कई चिकित्सक बिना बताए नदारद रहते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री बोरा ने कहा कि चिकित्सकों का पेशा आपातकालीन व संवेदनशीलता से जु़ड़ा हुआ होता है। ऐसे चिकित्सक जो बिना बताये अनुपस्थित रहते हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जल्द शुरू होगा सीटी स्केनर: सिम्स में खराब पड़े सीटी स्केनर को जल्द चालू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मशीन के कुछ पार्ट्स जर्मनी से मंगाए गए हैं, जो कि गुरुवार तक लगा लिए जाएंगे।

गरीबों के लिये रैन बसेरा: ऐसे गरीब, जिनके पास रात बिताने के लिए छत नहीं है, वे फुटपाथ व अन्य खाली जगहों पर सोते हैं। उनके लिये कलेक्टर श्री बोरा ने रैन बसेरा बनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि रेडक्रास व स्वयंसेवी संगठनों की मदद से जिले में गरीबों के लिए आश्रयस्थली बनाएंगे, जहां पर वे आराम से सो सकते हैं।



   Bookmark and Share




अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: