News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रमन सरकार के अगले प्रशासनिक फेरबदल में इस बार वरिष्ठ आईएएस अफसरों के प्रभार बदले जाएंगे। मुख्य सचिव स्तर के बीकेएस रे चार दिन बाद 30 मई को रिटायर होने वाले हैं।
श्री रे के स्थान पर माध्यमिक शिक्षा मंडल में किस वरिष्ठ अफसर को भेजा जाएगा, इस पर अटकलें लगाई जा रही हैं। वैसे पहला नाम अपर मुख्य सचिव सरजियस मिंज का लिया जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में उन्हें माध्यमिक शिक्षा मंडल के नए अध्यक्ष के रूप में देखा जा रहा है। इस तरह सचिव या प्रमुख सचिव स्तर के अफसरों के विभागों में भी फेरबदल लगभग तय है।
फेरबदल में कुछ कलेक्टर और एसपी के अलावा पुलिस मुख्यालय के कुछ अफसरों के प्रभार भी बदले जा सकते हैं। 28 मई को मुख्य सचिव पी. जाय उम्मेन की वापसी के बाद ही यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अगले महीने छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष एसके मिश्रा का कार्यकाल पूरा हो रहा है। चूंकि श्री मिश्रा को मुख्य सचिव के पद से रिटायर होने के बाद यह पद मिला था, इस कारण श्री रे इस पद के लिए उपयुक्त बताए जा रहे हैं।
वे भी मुख्य सचिव स्तर के पद से ही रिटायर हो रहे हैं। आयोग के अध्यक्ष के नाम पर राज्य शासन की उच्चस्तरीय कमेटी निर्णय करेगी। फिर भी श्री रे का नाम प्रमुखता से इस पद के लिए चर्चा में है।