इंदौर. हैजे के बाद सरकारी लैब ने डेंगू की पुष्टि भी कर दी है। शहर में तीन हैजा और एक डेंगू का मरीज मिला है। कालिंदी कुंज निवासी मनोज गोयल की निजी अस्पताल में जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद उसकी ब्लड स्लाइड एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजी गई। वहां भी डेंगू की पुष्टि हुई है। इसी प्रकार हैजा के पांच मामले सामने आए जिनमें से तीन की पुष्टि मेडिकल कॉलेज ने की है। एमवाय अस्पताल के पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती योगेश (2), रोशनी (5) व रानू (9) में भी डेंगू की पुष्टि हुई है।
कहीं आपके कूलर में डेंगू का मच्छर तो नहीं
कहीं आपके घर में कूलर के पानी में डेंगू का मच्छर तो नहीं है। हाल ही में डेंगू के मामलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए सर्वे में यह बात सामने आई है। एक मरीज में डेंगू की पुष्टि के बाद किए गए सर्वे के दौरान तीन घरों में कूलर के पानी में डेंगू का मच्छर पाया गया। उधर, पांच मरीज हैजे के भी मिले हैं जिनमें से तीन की पुष्टि सरकारी लैब ने की है।
डेंगू का मच्छर अब कूलर में भी पनप रहा है। निजी अस्पतालों ने चार मामलों में डेंगू की पुष्टि की थी जिनमें से एमजीएम मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब ने एक मरीज में डेंगू की पुष्टि कर दी है। कालिंदी कुंज निवासी मनोज गोयल को बुखार आने पर 20 मई को सुयश अस्पताल भर्ती किया गया जहां डेंगू की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग का दल व नगर निगम कर्मचारी कालिंदी कुंज पहुंचे। वहां तीन घरों में डेंगू के मच्छर मिले जहां टेमोफॉस दवा छिड़की गई। उधर, मंगलवार को एमवाय अस्पताल में भर्ती तीन बच्चों में हैजे की पुष्टि की गई।
इनमें समाजवादी इंदिरा नगर का योगेश (2), मदीनानगर की रोशनी (5) और रानू (9) हैं। इसी प्रकार चोइथराम अस्पताल से सुषमा बंसल व सीएचएल अपोलो अस्पताल से वर्धमाननगर निवासी राजेन्द्र जैन को भी हैजा होने की सूचना मिलते ही विभाग प्रभावित क्षेत्र में पहुंचा। जिला महामारी प्रकोष्ठ दल दिनभर इनके पते तलाशता रहा। तिलकनगर, शीतलनगर और रतलाम कोठी क्षेत्र में 35 लोगों की ब्लड स्लाइड बनाई गई। जिला महामारी प्रकोष्ठ अधिकारी डॉ. एल.आर. श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ प्रभावित बस्तियों में पहुंचे।
बीमारियां तो हैं.
जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद पंडित भी मानते हैं बीमारियां तो हैं। उन्होंने कहा हमने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ा दी है।
ऐसे होता है डेंगू
एडिज इजीप्शिया मच्छर के काटने से होता है जो साफ पानी में पनपते हैं। अधिकांश कूलर, पानी की टंकी, टायर या प्लास्टिक के खिलौने में पानी इकट्ठा होने पर बढ़ने लगते हंै। ये मच्छर कई व्यक्तियों को काटते हैं जिससे यह बीमारी फैलती है।
ऐसे करें बचाव
मच्छरों को पनपने न दें। हर सात दिन में कूलर साफ करें। जिला मलेरिया विभाग से टेमोफॉस दवा लेकर पानी में डालें। (स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक)
संबंधित खबरें
* इंदौर में डेंगू के दो मरीज मिले
* एक और डेंगू रोगी मिला, तीन में आशंका
* विदिशा में डेंगू के दो मरीज मिले
* देश के पहले अजन्मे बच्चे को हुआ डेंगू