कोटा. उद्योग नगर के सूरसागर इलाके में एक कबाड़ी के वर्कशॉप में ट्रक का डीजल टैंक काटते समय टैंक फट गया, जिससे वैल्डिंग कर रहा युवक गंभीर रूप से झुलस गया। बाद में उसकी एमबीएस अस्पताल में मौत हो गई। उधर, अस्पताल में परिजनों ने पुलिस पर युवक के बयान नहीं लेने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। साजीदेहड़ा निवसी फिरोज पुत्र सलीम (25) सूरसागर में असलम कबाड़ी के यहां वैल्डिंग का काम करता था। मंगलवार दोपहर वह ट्रक का डीजल टैंक काट रहा था, तभी टैंक फट गया। इससे फिरोज बुरी तरह से झुलस गया और उसके दोनों पैर भी क्षतिग्रस्त हो गए। 108 सेवा की एंबुलेंस से उसे एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाने से एएसआई सच्चिदानंद अस्पताल पहुंचे और फिरोज के बयान लेने की कोशिश की। लेकिन डॉक्टर ने उसे अनफिट बता दिया। इसके बाद वे एमबीएस पुलिस चौकी पर बैठ गए। उन्हें कुछ नहीं करता देख परिवारजन भड़क गए और पुलिस को भला-बुरा कहने लगे। उनका कहना था पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने परिवार वालों को समझाया कि बिना डॉक्टर की अनुमति के वे घायल के बयान नहीं दर्ज कर सकते। कुछ लोगों की समझाइश के बाद परिजन शांत हुए। घटना के बाद अलसम कबाड़ी भी मौके से फरार हो गया। फिरोज की इलाज के दौरान रात साढ़े 8 बजे मौत हो गई। पुलिस ने शव को मुर्दाघर में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।
चोरी की गाड़ी काटने की भी आशंका!
घटना के बाद यह बात सामने आ रही थी कि वह चोरी की गाड़ियां काटने का काम करता था। परिजनों से जब इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि फिरोज ने कभी नहीं बताया कि वह क्या और कहां काम कर रहा था। फिरोज के भाई लियाकत ने बताया कि घटना के समय कौन-कौन साथ था, यह भी पता नहीं चल सका है। कबाड़ी असलम ने भी मोबाइल बंद कर लिया है।
सीआई ने देखा मौका मुआयना
घटना के बाद सीआई विजयशंकर शर्मा ने वर्कशॉप का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मौके पर कोई नहीं मिला है। कबाड़ी असलम का भी पता नहीं चला है। इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता है कि वहां चोरी की गाड़ियां काटी जाती हों।