कोटा. नेशनल हाइवे नम्बर 12 पर जगपुरा के निकट मंगलवार रात सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। युवती अपने जीजा के साथ बाइक पर सवार थी। स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होने से युवती नीचे गिर गई, जबकि जीजा बाइक सहित आगे चल रहे ट्रक में घुस गया। एएसआई दरयाब सिंह ने बताया कि हिंडौली के बड़ोदिया गांव निवासी साधना पुत्री कालू जीजा के साथ बाइक से रामगंजमंडी जा रही थी।
जगपुरा के निकट स्पीड ब्रेकर पर जीजा ने बाइक को तेज गति से कुदा दिया। इससे साधना बाइक से नीचे गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। साधना के गिरने से बाइक अनियंत्रित हो गई और जीजा बाइक सहित आगे चल रहे ट्रक में जा घुसा। चालक ने ट्रक रोक दिया। हादसे के बाद कई लोग वहां एकत्र हो गए और घायल साधना को तत्काल एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, पुलिस ने ट्रक जब्त कर ट्रक चालक रामस्वरूप को हिरासत में ले लिया। इधर, नयापुरा इलाके में जैतल निवासी कंचन बाई को पैदल जाते समय स्कूटर सवार ने टक्कर मार दी। तालेड़ा में खोराखेड़ा निवासी अमन पुत्र सत्यनारायण को गांव में ही खेलते समय एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।