पानीपत. आस्ट्रिया की राजधानी विएना में डेरा सचखंड बल्लां के गुरु रामानंद (57) की मौत के बाद पंजाब में भड़की हिंसा पर तो काफी हद तक काबू पा लिया गया मगर हरियाणा में मंगलवार को भी हिंसात्मक गतिविधियां जारी रहीं। पंजाब के मलोट इलाके में प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच टकराव के बाद कफ्यरू लगाना पड़ा।
जालंधर व लुधियाना में पुलिस ने कफ्यरू में ढील दी ताकि लोग आवश्यक वस्तुएं खरीद सकें। इधर, हरियाणा में मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने कई जगह वाहनों में तोड़फोड़ की और रास्ता रोका। मंगलवार शाम हालांकि रेल सेवा बहाल हो गई मगर पंजाब जाने वाली कोई भी बसें नहीं चलीं।
यमुनानगर में प्रदर्शनकारियों ने 40 से अधिक मोटरसाइकिल और 12 कारों में तोड़फोड़ की और चंडीगढ़-रुड़की हाइवे पर साढ़े पांच घंटे जाम लगाया।
इसके अलावा कैनरा बैंक और एसबीआई के एटीएम को तोड़ डाला। इस दौरान कई बार उनकी पुलिस से झड़प हुई जिनमें आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए पुलिस हवाई फायर किए और आंसू गैस के गोले छोड़े।
अम्बाला के नारायणगढ़ में भी प्रदर्शनकारियों ने करीब एक दर्जन वाहनों को निशाना बनाया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो घंटे जाम लगाया तो मुलाना में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। वहीं कुरुक्षेत्र में सैकड़ों नौजवानों ने तलवार, लाठियां व गंडासे लेकर प्रदर्शन किया। करनाल में भी लोगों ने प्रदर्शन किया और करीब डेढ़ घंटे तक बाजार बंद रहे।
पटरी पर फिर दौड़ी ट्रेनें :
रेलवे ने ३६ घंटे बाद उत्तर भारत में रेल यातायात फिर बहाल कर दिया है। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता के मुताबिक मंगलवार दोपहर ३.३क् से ट्रेनों का आवागमन शुरू हो गया है। पहली ट्रेन जम्मू-तवी से पंजाब होते हुए बनारस के लिए रवाना की गई है।