बाड़मेर । महिला एवं बाल विकास विभाग निर्धारित अवधि में ऋण चुकाने वाले स्वयं सहायता समूह के अध्यक्षों को मोबाइल वितरित करेगा। बाड़मेर जिले में 100 स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष मोबाइल से लाभांवित होंगे। इसके लिए जल्द ही जयपुर से मोबाइल सेट की आपूर्ति होने वाली है।
स्वयं सहायता समूह को समय पर ऋण वसूली के लिए प्रेरित करने के लिए निवर्तमान राज्य सरकार की ओर से समूह अध्यक्षों को मोबाइल वितरित करने की योजना के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग के बाड़मेर, चौहटन, सिणधरी, बायतु एवं धोरीमन्ना आदि ब्लॉक के स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष को चुना गया है।
इन समूह अध्यक्षों की ओर से बेहतर कार्य करते हुए बिना ब्याज के निर्धारित अवधि में स्वयं सहायता समूह का ऋण चुका दिया गया था। विभाग ने इन समूह अध्यक्षों को मोबाइल संबंधि फार्म प्रेषित किए हैं। इस फार्म को भरकर भारत संचार निगम लिमिटेड को भेजा जाएगा, तत्पश्चात इनको मोबाइल दिए जाएंगे।
ऋण लेकर समय पर चुकाने वाले स्वयं सहायता समूह अध्यक्षों को मोबाइल सेट के साथ ही पांच सौ रुपए का रिचार्ज कूपन भी दिया जाएगा। इससे जिले में संचालित हो रहे अन्य स्वयं सहायता समूह को प्रेरणा मिलेगी।
मोबाइल से मिलेगी सहूलियत
सरहदी बाड़मेर जिले के दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में गठित स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष एवं सदस्यों को मुख्यालय में आवश्यक कार्यवश संपर्क करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। संचार साधनों की सुविधाएं नहीं होने से इनको सूचनाओं का आदान-प्रदान करने में बाधा आती है।
अब स्वयं सहायता समूह समय पर ऋण वसूली करके मोबाइल से प्राप्त कर विभाग के मुख्यालय से सीधे संपर्क कर सकेंगे। समूह अध्यक्ष मोबाइल का उपयोग समूह के हित में प्राथमिकता से करेंगे।
ञ्चसमूह अध्यक्षों को मोबाइल उपलब्ध करवाने के लिए फॉर्म आदि भरने की औपचारिकता पूरी की जा रही है, तत्पश्चात जयपुर से इनको मोबाइल भेजे जाएंगे। मोबाइल का वितरण जल्द ही करने की उम्मीद जताई जा रही है।- सती चौधरी, उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग।
इन्हें मिलेंगे मोबाइल
ब्लॉक मोबाइल
बाड़मेर (ग्रामीण) 20
चौहटन 30
सिणधरी 25
बायतू 20
धोरीमन्ना 7
कुल 100